Thursday, Oct 15

होम = State = लखनऊ एयरपोर्ट पर पकड़ा गया सोना तस्कर, अंडरवियर के कमरबंद से निकला 472 ग्राम गोल्ड पेस्ट

लखनऊ एयरपोर्ट पर पकड़ा गया सोना तस्कर, अंडरवियर के कमरबंद से निकला 472 ग्राम गोल्ड पेस्ट

Lucknow Airport Gold Smuggling: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी के मामले में एक यात्री को पकड़ा है। शारजाह से आए इस यात्री ने 472.100 ग्राम सोने का पेस्ट अपने अंडरवियर के कमरबंद में छिपा रखा था। बरामद सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 70 लाख 81 हजार 500 रुपये आंकी गई है। यात्री की असामान्य चाल ने कस्टम अधिकारियों का ध्यान खींचा, जिसके बाद तलाशी में तस्करी का खुलासा हुआ।

शारजाह से आने वाली फ्लाइट से पहुंचा था यात्री

जानकारी के मुताबिक, शारजाह से इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-1424 बुधवार सुबह करीब 7:20 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर उतरी थी। कस्टम विभाग की टीम टर्मिनल पर यात्रियों की सामान्य जांच और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान अधिकारियों की नजर एक ऐसे यात्री पर पड़ी, जो अजीब तरीके से लंगड़ाकर चल रहा था। यात्री की चाल देखकर अधिकारियों को शक हुआ। उसे रोककर पूछताछ की गई, लेकिन वह घबराया हुआ नजर आया और सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। इसके बाद कस्टम टीम उसे अन्य यात्रियों से अलग कर विशेष जांच कक्ष में ले गई।

अंडरवियर के कमरबंद में छिपाया था सोने का पेस्ट

विशेष जांच कक्ष में यात्री की सघन तलाशी ली गई तो अधिकारियों को उसके छिपाने के तरीके का पता चला। उसने 472.100 ग्राम सोने का पेस्ट प्लास्टिक के पैकेट में रखा था और उसे अंडरवियर के कमरबंद की तरह बांध रखा था। सोने का वजन अधिक होने के कारण उसे चलने में परेशानी हो रही थी और वह लंगड़ा रहा था। कस्टम विभाग के मुताबिक, बरामद सोने की कीमत 70 लाख 81 हजार 500 रुपये है। आरोपी ने सोने को छिपाकर ले जाने की कोशिश की थी, लेकिन उसकी असामान्य चाल के कारण वह अधिकारियों के संदेह के घेरे में आ गया।

बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है आरोपी

पकड़े गए यात्री की पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी केदार महतो के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान वह सोने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या टैक्स रसीद पेश नहीं कर सका। इसके बाद कस्टम विभाग ने सोने की खेप जब्त कर उसे हिरासत में ले लिया।

सोना किसके लिए लाया गया था, इसकी जांच जारी

अब एजेंसी इस मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सोना किसके कहने पर लखनऊ लाया गया था और यहां इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। कस्टम विभाग आरोपी से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रहा है।

ये भी पढ़ें: अमेरिकी सांसद प्रमिला का SIR पर आया रिएक्शन, कहा- भारत में भी वही हो रहा जो अमेरिका में ट्रंप ने किया


बंगाल