Wednesday, Oct 07

होम = Cover Story Global = लखनऊ में बाढ़ का कहर: दोस्त को बचाने उतरा 19 वर्षीय विमल, तेज बहाव में बहकर मौत

लखनऊ में बाढ़ का कहर: दोस्त को बचाने उतरा 19 वर्षीय विमल, तेज बहाव में बहकर मौत

Lucknow: खनऊ के ग्रामीण इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इटौंजा के लासा गांव में मंगलवार सुबह तेज पानी में बहने से 19 वर्षीय विमल कुमार की मौत हो गई। वह छह दोस्तों के साथ गया था। हादसे में पांच दोस्त सुरक्षित बच गए, जबकि विमल गहरे पानी में लापता हो गया। कई घंटे की तलाश के बाद प्रशासन ने उसका शव बरामद किया।

चप्पल निकालने के दौरान फिसला युवक

विमल के दोस्त शिवम ने बताया कि गांव में चारों तरफ पानी भरा है और आवाजाही के लिए नाव की व्यवस्था नहीं थी। शौच के बाद सभी पैदल सड़क किनारे से लौट रहे थे। इसी दौरान एक युवक की चप्पल पानी में बह गई। उसे निकालने के प्रयास में वह फिसलकर डूबने लगा। बचाने के लिए अन्य साथी भी पानी में कूद पड़े। तेज बहाव के कारण सभी डूबने लगे और पानी पी गए। पांच लोग किसी तरह बाहर निकले, लेकिन विमल बह गया। एसडीएम के मुताबिक, सुबह करीब 6:40 बजे 7-8 युवक ऊंचे किए गए लासा मार्ग से गुजर रहे थे। सड़क के बाईं ओर गहरे तालाब में एक युवक के फिसलने के बाद विमल समेत अन्य उसे बचाने पहुंचे। बाकी तैरकर निकल गए, लेकिन कृष्ण कुमार का बेटा विमल गहरे पानी में चला गया।

प्रशासन ने संभाला मोर्चा

सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिलने पर डीसीपी नॉर्थ, एसीपी बीकेटी, तहसीलदार और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और परिवार से मुलाकात की। शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

गोमती के बढ़े जलस्तर से जलभराव

गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने और बैराज के गेट खुलने से मड़ियांव, घैला, जानकीपुरम विस्तार, फैजुल्लागंज समेत कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। दौलतगंज, ठाकुरगंज, गऊघाट, डालीगंज और कसाइबाड़ा की तटीय बस्तियां भी प्रभावित हैं। पक्का पुल और टीले वाली मस्जिद के पास कैचमेंट क्षेत्र जलमग्न हैं। गोमती नगर विस्तार के पास हुसड़िया, उजरियांव और मखदूमपुर के निचले हिस्सों में भी जलभराव से जनजीवन प्रभावित है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

ये भी पढ़े: खोपड़ी में फ्रैक्चर के बावजूद नहीं हारे हौसला, भारतीय पायलट ने नाकाम की फ्लाईदुबई हाईजैक की कोशिश