Marco Rubio India Visit: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो मंगलवार को दो दिवसीय भारत दौरे पर मुंबई पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद हैं। इस दौरे के दौरान भारत-अमेरिका संबंधों, व्यापार और प्रस्तावित व्यापक व्यापार समझौते पर चर्चा होने की उम्मीद है। रुबियो विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसके अलावा, वह 26/11 आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि भी देंगे।
एस. जयशंकर के साथ होगी द्विपक्षीय बातचीत
मुंबई में मार्को रुबियो विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के आपसी संबंधों और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। भारत और अमेरिका व्यापक व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहे हैं। ऐसे में रुबियो का यह दौरा दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर रहेंगी नजरें
रुबियो का भारत दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से रूसी तेल खरीदने को लेकर भारत पर लगाए गए भारी टैरिफ हटाए जाने के कुछ दिन बीते हैं। इस पृष्ठभूमि में दोनों देशों के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर होने वाली बातचीत पर नजर रहेगी। हालांकि, बैठक में किन मुद्दों पर अंतिम सहमति बनेगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
26/11 हमले के पीड़ितों को देंगे श्रद्धांजलि
अपने मुंबई दौरे के दौरान मार्को रुबियो 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके लिए वह ताज मेमोरियल जाएंगे। 26/11 के हमलों में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही रुबियो अमेरिका की स्वतंत्रता के 250 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक स्वागत समारोह में भी शामिल होंगे।
दो दिवसीय दौरे पर हैं अमेरिकी विदेश मंत्री
मार्को रुबियो का यह दौरा भारत और अमेरिका के बीच कूटनीतिक संवाद को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार समझौते और अन्य आपसी मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: फ्रांस में हिंसा के लिए ट्रंप ने प्रवासियों को ठहराया जिम्मेदार, कहा- अमेरिका में ऐसी गलती नहीं दोहराएंगे

