Microsoft Voluntary Exit Offer: टेक सेक्टर में नौकरियों को लेकर एक बार फिर बड़ी खबर सामने आई है। सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने करीब 60 हजार कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने का ऑफर दिया है। यह पेशकश भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए है। खास बात यह है कि कंपनी ने करीब तीन महीने पहले ही 4,800 कर्मचारियों की छंटनी की थी।
Windows समेत कई विभागों में लागू होगी योजना
माइक्रोसॉफ्ट की स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने की योजना AI एक्सपीरियंस, कोपायलट, फाइनेंस, ह्यूमन रिसोर्सेज, Xbox और Windows + Devices समेत कई विभागों के कर्मचारियों पर लागू होगी। हालांकि, डेटा सेंटर, सेल्स और मार्केटिंग में काम करने वाले कर्मचारियों को इससे बाहर रखा गया है। कंपनी में कुल 2.23 लाख कर्मचारी हैं, जिनमें करीब 23 हजार भारत में काम करते हैं।
कर्मचारियों को आर्थिक मदद देगी कंपनी
माइक्रोसॉफ्ट की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट एमी कोलमैन के मुताबिक, यह सीमित समय के लिए शुरू की गई पहल है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को कंपनी छोड़ने या करियर के दूसरे विकल्प चुनने की आजादी देना है। ऑफर स्वीकार करने वालों को आर्थिक मदद मिलेगी। कंपनी कर्मचारियों को नए कौशल सीखने और आंतरिक करियर अवसर तलाशने में भी मदद करेगी।
बेसिक सैलरी मिलने की रिपोर्ट
माइक्रोसॉफ्ट ने ऑफर के तहत मिलने वाली सुविधाओं का आधिकारिक ब्योरा नहीं दिया है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक, योजना चुनने वाले मिडलेवल कर्मचारियों को 39 सप्ताह की बेसिक सैलरी, जबकि सीनियर लेवल के कर्मचारियों को 12 महीने की बेसिक सैलरी मिल सकती है।
ये भी पढ़ें: जनरल मोटर्स में AI का असर! करीब 600 कर्मचारियों की छंटनी, जानिए क्यों बदली कंपनी की रणनीति

