Tuesday, Oct 27

होम = Breaking = मुंबई में पत्नी से झगड़े के बाद पिता ने 9 महीने के बेटे को स्कायवॉक से फेंका, इलाज के दौरान मासूम की मौत

मुंबई में पत्नी से झगड़े के बाद पिता ने 9 महीने के बेटे को स्कायवॉक से फेंका, इलाज के दौरान मासूम की मौत

Mumbai: मुंबई के घाटकोपर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी से घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने 9 महीने के बेटे को रेलवे स्टेशन के बाहर बने स्कायवॉक से करीब 20 फीट नीचे फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे की सायन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता जाफर शेख को गिरफ्तार कर मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं।

पत्नी से विवाद के दौरान बच्चे को नीचे फेंका

घाटकोपर पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार, 25 अक्टूबर की रात करीब 8:15 बजे हुई। आरती जाफर शेख अपने 9 महीने के बेटे आरव के साथ घाटकोपर रेलवे स्टेशन के स्कायवॉक पर थीं।

इसी दौरान उनके पति जाफर शेख वहां पहुंचे। घरेलू मामले को लेकर दोनों में बहस हुई। आरोप है कि जाफर ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरती के विरोध करने पर उसने गुस्से में अपनी गोद में मौजूद आरव को स्कायवॉक की रेलिंग के ऊपर से नीचे फेंक दिया।

अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम की मौत

बच्चे के नीचे गिरते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। मां और स्थानीय लोगों ने मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस की सहायता से मासूम को सायन अस्पताल पहुंचाया गया। करीब 20 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण बच्चे को गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज

डीसीपी गणेश शिंदे ने बच्चे की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और अब मामले में हत्या से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

आरती की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1280/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 351(3) और 352 में मामला दर्ज किया था। ये धाराएं हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी और जानबूझकर अपमान से संबंधित हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

ये भी पढ़े: अमेरिकी AI कंपनी Innodata ने भारत में करीब 550 कर्मचारियों को निकाला, अचानक लैपटॉप लॉक और ईमेल ID बंद