Monday, Aug 31

होम = Breaking = NEET PG 2026 में बिजली-तकनीकी गड़बड़ी से हंगामा, सेंटर पर 10 बार शुरू और खत्म हुई परीक्षा

NEET PG 2026 में बिजली-तकनीकी गड़बड़ी से हंगामा, सेंटर पर 10 बार शुरू और खत्म हुई परीक्षा

Jaipur: NEET PG 2026 के अभ्यर्थियों के लिए रविवार को जयपुर के सितापुरा स्थित परीक्षा केंद्र पर तीन घंटे की परीक्षा अव्यवस्था में बदल गई। कंप्यूटर आधारित परीक्षा के दौरान बार-बार बिजली और तकनीकी दिक्कतों के कारण अभ्यर्थियों को लॉगिन, सवाल देखने और परीक्षा जारी रखने में परेशानी हुई। कुछ छात्रों ने दावा किया कि हर 10-15 मिनट में बिजली जा रही थी।

'दो घंटे में 10 बार शुरू हुई परीक्षा'

अभ्यर्थी डॉ. गौरव ने बताया कि दो घंटे में परीक्षा करीब 10 बार शुरू हुई और 10 बार खत्म हुई। परीक्षा सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक होनी थी। ACP ललित शर्मा के मुताबिक सेंटर के सर्वर में समस्या की सूचना मिली थी और कुछ कंप्यूटर खुल रहे थे, जबकि कुछ काम नहीं कर रहे थे।

सुविधाओं पर भी उठे सवाल

छात्रों ने परीक्षा हॉल में पर्याप्त कूलिंग, AC, पंखे और कूलर की व्यवस्था नहीं होने तथा पीने के पानी की कमी का आरोप लगाया। लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की परेशानी इसके चलते और बढ़ गई।

सेंटर के बाहर छात्रों और अभिभावकों का प्रदर्शन

तीन घंटे की परीक्षा अवधि खत्म होने के बाद छात्र सेंटर के बाहर जमा होकर प्रदर्शन करने लगे। अभिभावक भी परेशान नजर आए। छात्रों ने कहा कि एक अंक भी रैंक, पसंदीदा मेडिकल स्पेशियलिटी और कॉलेज पर बड़ा असर डाल सकता है। इसलिए दोबारा परीक्षा केवल कुछ छात्रों की कराने से समान अवसर प्रभावित हो सकता है।

5 सितंबर को होगा री-एग्जाम

NBEMS ने बाद में प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की। यह परीक्षा iON Digital Zone iDZ, Sitapura के सेंटर 41,682 और 41,683 पर बिजली संबंधी समस्या से प्रभावित उम्मीदवारों के लिए होगी। NBEMS ने आंतरिक बिजली आपूर्ति की समस्या के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो पाने पर माफी मांगी। अभ्यर्थी अब निष्पक्ष अवसर, पारदर्शी जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं।

ये भी पढ़े: वेनेजुएला के तेल भंडार पर अमेरिका का कब्जा? ट्रंप बोले- ‘सबसे बड़ी ऑयल डील’