Monday, Oct 12

होम = Breaking = नोएडा के स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हुईं अलर्ट

नोएडा के स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हुईं अलर्ट

Noida School Bomb Threat: नोएडा में सोमवार को करीब एक दर्जन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और अग्निशमन विभाग की टीमें स्कूलों में पहुंचकर जांच कर रही हैं। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसरों की तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके। फिलहाल पुलिस धमकी के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

धमकी के बाद बच्चों को घर भेज रहे है स्कूल

बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद स्कूलों में एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। धमकी की जद में सेक्टर-16 स्थित एपीजे स्कूल, स्टेप बाय स्टेप और डीपीएस जीबीएन समेत कई स्कूल हैं। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ स्कूलों ने बच्चों को घर भेजना शुरू कर दिया है। सुरक्षा टीमें स्कूल परिसरों की बारीकी से तलाशी ले रही हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि धमकी कहां से और किसने दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

5 दिन पहले गुजरात के स्कूलों को भी मिली थी धमकी

आपको बता दें कि 5 दिन पहले यानी 7 अक्टूबर को गुजरात के अहमदाबाद में 10 स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस ई-मेल में शहर के स्कूलों के अलावा सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का भी जिक्र किया गया था। पुलिस ने अपनी जांच में स्कूलों से किसी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं बरामद की थी।

ये भी पढ़ें: अहमदाबाद में सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट और 10 स्कूलों को मिली बम की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हुईं अलर्ट