Thursday, Oct 22

होम = News Latest = नॉर्थ कोरिया 40 पार की महिलाओं को चीन क्यों भेज रहा? पीछे की वजह चौंकाने वाली

नॉर्थ कोरिया 40 पार की महिलाओं को चीन क्यों भेज रहा? पीछे की वजह चौंकाने वाली

by | Oct 22, 2026 | News Latest

North Korea Women: उत्तर कोरिया अब 40 साल से अधिक उम्र की शादीशुदा महिलाओं को भी काम करने के लिए चीन भेज रहा है। इनमें कई महिलाओं के छोटे बच्चे उत्तर कोरिया में ही रहते हैं। परिवार से लंबे समय तक दूर रहने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि उत्तर कोरिया अब शादीशुदा और उम्रदराज महिलाओं को चीन क्यों भेज रहा है। डेली स्टार की रिपोर्ट में डेली एनके के हवाले से बताया गया है कि इस साल चीन के जिलिन प्रांत में कपड़े बनाने और समुद्री भोजन के प्रसंस्करण वाली फैक्ट्रियों में करीब 45 साल की उत्तर कोरियाई महिलाएं भी काम कर रही हैं। पहले इन फैक्ट्रियों में कम उम्र की अविवाहित महिलाओं को अधिक भेजा जाता था।

बच्चों से दूर रहने की मजबूरी

रिपोर्ट के मुताबिक, विदेश में काम करने वाले उत्तर कोरियाई मजदूर आम तौर पर तीन से पांच साल तक अपने कार्यस्थल पर रहते हैं। उनके पासपोर्ट भी अक्सर अधिकारियों के पास जमा रहते हैं, जिससे घर लौटना मुश्किल हो जाता है। रिपोर्ट में चीन के चांगबाई इलाके की एक महिला का जिक्र है, जो अपने बच्चे से मिलने के लिए फैक्ट्री छोड़कर चली गई थी। वह तीन दिन तक पकड़ में नहीं आई, लेकिन बाद में उसे पकड़ लिया गया। रिपोर्ट के अनुसार, छुट्टियों की अवधि खत्म होने के बाद उसे वापस उत्तर कोरिया भेज दिया गया।

परिवार के कारण नौकरी छोड़ना हो सकता है मुश्किल

डेली एनके से बात करने वाले एक सूत्र के मुताबिक, शादीशुदा महिलाओं को चीन भेजने के पीछे एक संभावित वजह उनके परिवार की जिम्मेदारी हो सकती है। पति और बच्चों की चिंता के कारण उनके लिए नौकरी छोड़कर भागने का फैसला करना मुश्किल हो सकता है। उन्हें यह डर भी हो सकता है कि उनके कदम का असर परिवार पर पड़ेगा। हालांकि, इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

उत्तर कोरिया के लिए विदेश में काम करने वाले मजदूर विदेशी मुद्रा कमाने का एक जरिया हैं। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने दिसंबर 2017 में प्रस्ताव 2397 के तहत सदस्य देशों से उत्तर कोरियाई मजदूरों को 2019 के अंत तक वापस भेजने को कहा था। इसके बावजूद चीन में उत्तर कोरियाई मजदूरों के काम करने की खबरें आती रही हैं। फिलहाल, महिलाओं को चीन भेजने के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं है। लेकिन परिवार से दूरी और घर लौटने में आने वाली मुश्किलें उनके लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।

ये भी पढ़ें: सऊदी अरब के दमाम एयरपोर्ट पर हमला, एक विदेशी नागरिक की मौत और 8 घायल