North Korea South Korea Tensions: उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच दुश्मनी का एक अनोखा तरीका है। दोनों देश सीमा पर लगे लाउडस्पीकरों से एक-दूसरे पर दबाव बनाते हैं। दक्षिण कोरिया इन पर K-pop गाने और खबरें सुनाता है, जबकि उत्तर कोरिया की ओर से जानवरों जैसी डरावनी आवाजें प्रसारित किए जाने की खबरें आती रही हैं। अब करीब 16 महीने बाद यह सिलसिला फिर शुरू हो सकता है। उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने कहा है कि सीमा पर लगे प्रचार वाले लाउडस्पीकर जल्द चालू किए जा सकते हैं।
दक्षिण कोरिया भी दे सकता है जवाब
दक्षिण कोरिया ने जून 2025 में अपने लाउडस्पीकर प्रसारण बंद कर दिए थे। इसका मकसद उत्तर कोरिया के साथ तनाव कम करना था। लेकिन दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने 22 अक्टूबर को कहा कि उत्तर कोरिया के प्रसारण शुरू करने पर जवाबी कदम उठाने पर विचार किया जाएगा।
आखिर क्यों इस्तेमाल होते हैं लाउडस्पीकर
दोनों देश लाउडस्पीकरों का इस्तेमाल केवल संदेश सुनाने के लिए नहीं, बल्कि सीमा के दूसरी तरफ मौजूद सैनिकों और लोगों पर मानसिक असर डालने के लिए भी करते हैं। इसे मनोवैज्ञानिक युद्ध कहा जाता है। जून 2024 में उत्तर कोरिया ने सीमा पार कचरे से भरे गुब्बारे भेजे थे। इसके जवाब में दक्षिण कोरिया ने लाउडस्पीकरों पर खबरें, उत्तर कोरियाई सरकार की आलोचना और K-pop गाने प्रसारित किए थे।
दशकों पुरानी दुश्मनी की वजह क्या है
दोनों देशों के बीच 1950 से 1953 तक युद्ध चला था, जो शांति समझौते के बजाय युद्धविराम पर खत्म हुआ। उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम और दक्षिण कोरिया के अमेरिका के साथ बढ़ते सैन्य सहयोग ने तनाव को और बढ़ाया है। अब लाउडस्पीकर दोबारा चालू करने की चेतावनी से सीमा पर तनाव बढ़ने की आशंका है। अगर प्रसारण शुरू हुए, तो दक्षिण कोरिया भी जवाब दे सकता है।
ये भी पढ़ें: नॉर्थ कोरिया 40 पार की महिलाओं को चीन क्यों भेज रहा? पीछे की वजह चौंकाने वाली

