Sunday, Sep 06

होम = Cover Story Latest = पालघर के अस्पताल में हंगामा, शिवसेना कार्यकर्ताओं पर डॉक्टर-कर्मचारियों से मारपीट का आरोप; 17 पर FIR

पालघर के अस्पताल में हंगामा, शिवसेना कार्यकर्ताओं पर डॉक्टर-कर्मचारियों से मारपीट का आरोप; 17 पर FIR

Palghar Hospital Shiv Sena Workers Clash: महाराष्ट्र के पालघर स्थित रिलीफ अस्पताल में घायल गोविंदा के डिस्चार्ज को लेकर विवाद देर रात हंगामे में बदल गया। पुलिस के मुताबिक, रविवार आधी रात के बाद शिवसेना (शिंदे गुट) के कार्यकर्ताओं और अस्पताल के डॉक्टरों-कर्मचारियों के बीच टकराव हुआ। शनिवार को पालघर के माहिम हाईवे के पास राजयोग मॉल में दही हांडी के दौरान घायल हुए गोविंदा पथक के पांच सदस्यों को अस्पताल लाया गया था।

CT स्कैन को लेकर बढ़ा मामला

एक घायल गोविंदा के सिर और रीढ़ में चोट थी, इसलिए डॉक्टरों ने CT स्कैन की सलाह दी। अस्पताल का बिल करीब 20 हजार रुपये था, जिसमें 10 हजार रुपये जमा किए जा चुके थे। इलाज और डिस्चार्ज को लेकर बहस के बाद कुंदन सांखे समेत शिवसेना पदाधिकारी और गोविंदा पथक के सदस्य अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच को जरूरी बताया, लेकिन विवाद अस्पताल के गलियारों तक पहुंच गया।

CCTV में कर्मचारी को पीटते दिखे राहुल घराट

अस्पताल की ओर से पुलिस को दिए CCTV फुटेज में शिवसेना पालघर शहर प्रमुख राहुल घराट एक कर्मचारी को मारते नजर आ रहे हैं। बीच-बचाव करने वाली महिला कर्मचारी को धमकाने का भी आरोप है। अस्पताल ने समूह पर डॉक्टरों-कर्मचारियों को गाली देने, डराने, ICU में घुसने और मरीजों को डिस्चार्ज करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

17 लोगों पर मामला दर्ज

पालघर पुलिस ने शिवसेना जिला अध्यक्ष कुंदन सांखे, बीजेपी विधायक राजेंद्र गावित के बेटे रोहित गावित, राहुल घराट और नगरसेवक नीलम सांखे समेत 17 लोगों पर BNS की धाराओं और महाराष्ट्र मेडिकेयर कानून की धारा 3 व 4 के तहत FIR दर्ज की है। आरोपों में मारपीट, धमकी, गाली-गलौज, अनधिकृत प्रवेश और गैरकानूनी जमावड़ा शामिल हैं। पुलिस CCTV की जांच कर रही है। कुंदन सांखे ने कहा कि वे मामूली चोटों के बावजूद गोविंदाओं को डिस्चार्ज न किए जाने की शिकायत पर अस्पताल पहुंचे थे। गोविंदा जन्माष्टमी पर दही हांडी में मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ने वाले प्रतिभागी होते हैं।

ये भी पढ़े: छात्रों ने JNU प्रोफेसर पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप, शिकायत के बाद ICC ने संभाली जांच