Patna: पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र में बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के बाहर मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्र रिजल्ट में कथित गड़बड़ी की आशंका को लेकर विश्वविद्यालय पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ गई और छात्रों की पुलिस से झड़प हो गई। इसमें एक महिला पुलिसकर्मी समेत दो पुलिसकर्मी घायल हुए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यूनिवर्सिटी गेट पर छात्रों की भीड़ और पुलिस का लाठीचार्ज दिखाई दे रहा है। इसके बाद छात्र भागते नजर आते हैं और कुछ पुलिसकर्मी छात्रों के बीच घिर जाते हैं।
तोड़फोड़ और पुलिस पर हमले का आरोप
आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान आर्यभट्ट यूनिवर्सिटी कैंपस में तोड़फोड़ की गई और कर्मचारियों के साथ मारपीट हुई। पुलिस के मुताबिक, कुछ उग्र छात्रों ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया। घायल पुलिसकर्मियों में जितेंद्र कुमार शामिल हैं, जिनके सिर और पैर में गंभीर चोट आई है। छात्रों का आरोप है कि वे अपनी मांगें रखने पहुंचे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय पुलिस ने लाठीचार्ज किया। वहीं, हंगामे के दौरान सड़क से गुजर रही कुछ गाड़ियों के शीशे भी टूट गए।
अतिरिक्त बल तैनात
सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद स्थिति नियंत्रित की गई। फिलहाल विश्वविद्यालय के बाहर पुलिस तैनात है और तनाव को देखते हुए आसपास की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।
ये भी पढ़े: रूस में अमेरिकी सैन्य विमान की रहस्यमयी लैंडिंग, रूस-यूक्रेन तनाव के बीच बढ़ी हलचल

