US Military Jet Moscow Landing: रूस के मॉस्को स्थित वनुकोवो एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक अमेरिकी सैन्य विमान के उतरने से हलचल मच गई। रूस और अमेरिका के बीच यूक्रेन युद्ध को लेकर तनाव के बीच हुई इस असामान्य लैंडिंग ने कई तरह की अटकलों को जन्म दिया है। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान संभवतः Boeing C-17 Globemaster III था, जिसका इस्तेमाल अमेरिकी वायुसेना लंबी दूरी तक सैनिकों, सैन्य उपकरणों और अन्य सामान की ढुलाई के लिए करती है। फ्लाइटरडार के मुताबिक, RCH4555 कॉलसाइन और 07-7181 रजिस्ट्रेशन वाला विमान सुबह करीब 8:50 बजे लातविया की राजधानी रीगा से रवाना हुआ और 10 बजे के कुछ मिनट बाद मॉस्को पहुंचा। विमान के रूस पहुंचने का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है। अमेरिका और रूस, दोनों ने अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। क्रेमलिन ने रॉयटर्स से कहा कि उसे विमान के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
विमान की उड़ान से बढ़ीं अटकलें
विमान 23 अगस्त को रीगा पहुंचा था और इससे पहले अमेरिका के एंड्रयूज एयर फोर्स बेस से रवाना हुआ था। यह बेस वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों के हवाई परिवहन का प्रमुख केंद्र है और राष्ट्रपति के विमान एयर फोर्स वन का भी ठिकाना है। हालांकि, विमान में किसी वरिष्ठ अधिकारी के होने की पुष्टि नहीं है। ऐसे विमान आधिकारिक यात्राओं से पहले कर्मियों, वाहनों, संचार उपकरणों और लॉजिस्टिक सामान को पहुंचाने के लिए भी इस्तेमाल होते हैं।
क्या रूस जा सकते हैं अमेरिकी दूत?
हाल के हफ्तों में अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के मॉस्को दौरे को लेकर अटकलें थीं, ताकि यूक्रेन युद्ध पर रुकी कूटनीति को आगे बढ़ाया जा सके। अमेरिका-रूस वार्ता फिलहाल ठप है। वहीं, रिपोर्टों के मुताबिक अमेरिका और यूरोपीय अधिकारियों ने मॉस्को के लिए नया प्रस्ताव तैयार किया है। एक अन्य रिपोर्ट में विमान की लैंडिंग को अमेरिकी विशेष दूत जारेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ की संभावित मॉस्को यात्रा से जोड़ा गया है। इससे पहले जनवरी में दोनों रूस गए थे और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत की थी। उस दौरान पुतिन ने युद्ध खत्म करने के लिए यूक्रेन से पूर्वी डोनबास क्षेत्र से अपनी सेना हटाने की मांग पर रुख बदलने से इनकार कर दिया था।
ये भी पढ़े: जयपुर: बहन से मिलने पहुंची महिला के सिर पर गिरा पंखा, 12+ टांके के बाद भी भर्ती के लिए भटकी

