Tuesday, Oct 27

होम = Breaking = पंजाब में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत की आशंका, शव सड़क पर रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन

पंजाब में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत की आशंका, शव सड़क पर रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन

Punjab: पंजाब में नशे से जुड़ी मौतों के बीच मानसा जिले के भम्मे कलां गांव में 35 वर्षीय दलजीत सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार को आशंका है कि उनकी जान नशे की ओवरडोज के कारण गई। घटना से नाराज परिजनों ने शव सिरसा-मानसा रोड पर रखकर प्रदर्शन किया और नशा तस्करों की गिरफ्तारी की मांग की।

खेतों में मिला दलजीत सिंह का शव

परिजनों के मुताबिक, दलजीत शादीशुदा थे और उनके दो बच्चे हैं। वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। परिवार का कहना है कि पिछले कुछ समय से वह नशे के आदी हो गए थे।

आरोप है कि मंगलवार सुबह दलजीत मानसा से नशा खरीदकर लाए थे। इसके बाद उनका शव रमानंदी के पास खेतों में मिला। हालांकि, मौत की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन

दलजीत की मौत के बाद परिजनों ने सिरसा-मानसा रोड जाम कर दिया। उन्होंने मांग की कि नशा बेचने वालों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। परिवार ने कहा कि सरकार लगातार नशा खत्म करने के दावे कर रही है, लेकिन इससे जुड़ी मौतें नहीं रुक रही हैं। परिजनों ने कार्रवाई होने तक प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी।

इस बीच मानसा पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शव अपने कब्जे में ले लिया और उन्हें हिरासत में भी लिया।

नशा विरोधी कार्यकर्ता की हत्या की जांच CBI के पास

कुछ दिन पहले मानसा में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला भी सामने आया था। इस मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को अदालत ने 5 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हत्या की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है।

CBI की विशेष टीम ने मानसा पुलिस स्टेशन पहुंचकर मामले से जुड़े जरूरी दस्तावेज और जब्त सामान अपने कब्जे में ले लिया है। परविंदर सिंह झोटा मेडिकल स्टोरों पर कथित तौर पर नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाते थे।

ये भी पढ़े: कर्नाटक में SIR के बाद वोटर लिस्ट से 1.08 करोड़ नाम बाहर, 4.54 करोड़ रह गए मतदाता