CBI CGST Bribery Case: महाराष्ट्र के रायगढ़ में CBI ने 40 लाख रुपये की रिश्वत के मामले में CGST के एडिशनल कमिश्नर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में IRS अधिकारी एवं CGST एडिशनल कमिश्नर विनय कुमार कन्हेटी, CGST सुपरिंटेंडेंट राकेश कुमार सिन्हा और निजी व्यक्ति नरेंद्र राजपूत शामिल हैं। तीनों को 27 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया, जबकि CBI ने 26 अगस्त को केस दर्ज किया था।
CBI के मुताबिक, शिकायतकर्ता की पत्थर खनन कंपनी से जुड़े GST और रॉयल्टी विवाद को निपटाने के लिए सुपरिंटेंडेंट राकेश कुमार सिन्हा ने कथित तौर पर 1.50 करोड़ रुपये मांगे थे। बातचीत के बाद रकम घटकर 40 लाख रुपये हो गई। अधिकारियों ने कथित तौर पर रकम लेने के लिए नरेंद्र राजपूत को माध्यम बनाया। शिकायत के बाद CBI ने ट्रैप लगाया और नरेंद्र राजपूत को 40 लाख रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। पूछताछ में सुपरिंटेंडेंट राकेश कुमार सिन्हा और एडिशनल कमिश्नर विनय कुमार कन्हेटी की भूमिका सामने आई। CBI के अनुसार दोनों अधिकारियों ने रिश्वत स्वीकार किए जाने की बात भी मानी।
तलाशी में नकदी और ज्वेलरी बरामद
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से जुड़े परिसरों की तलाशी ली गई। इस दौरान रिश्वत की रकम के अलावा 43 लाख रुपये की अतिरिक्त नकदी और करीब 90 लाख रुपये कीमत की ज्वेलरी बरामद हुई। बरामदगी को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। तीनों आरोपियों को सक्षम अदालत में पेश किया जा रहा है। CBI मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
ये भी पढ़े: मणिपुर में BJP विधायक के घर ग्रेनेड विस्फोट, बाल-बाल बचे सपम रंजन सिंह

