Thursday, Oct 22

होम = News Big = ‘प्रियंका गांधी का राहुल से भरोसा उठ गया है’, रेहान वाड्रा विवाद पर BJP का हमला

‘प्रियंका गांधी का राहुल से भरोसा उठ गया है’, रेहान वाड्रा विवाद पर BJP का हमला

by | Oct 22, 2026 | News Big

Rehan Vadra Art Exhibition: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की आर्ट प्रदर्शनी को लेकर सियासत तेज हो गई है। दिल्ली के बीकानेर हाउस में आयोजित इस प्रदर्शनी में राजनीतिक सामग्री को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बीजेपी ने इस मामले में कांग्रेस और गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शनी का इस्तेमाल राजनीतिक संदेश देने के लिए किया जा रहा है। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी अपने बेटे रेहान वाड्रा को लॉन्च करने के लिए झूठ का सहारा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटे को आगे बढ़ाने के कई दूसरे तरीके हो सकते हैं, लेकिन तिरंगे की आड़ में झूठ बोलना बंद करना चाहिए।

बीजेपी ने राहुल-प्रियंका के बीच अंदरूनी कलह का किया दावा

प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि बीकानेर हाउस की गाइडिंग पॉलिसी के मुताबिक, किसी भी प्रदर्शनी में राजनीतिक सामग्री प्रदर्शित नहीं की जा सकती। यदि ऐसा होता है, तो उसे तुरंत हटाया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रियंका गांधी का राहुल गांधी से भरोसा उठ गया है, जिसकी वजह से वह अपने बेटे को आगे बढ़ाने के लिए इस विवाद का सहारा ले रही हैं? भंडारी ने प्रियंका गांधी के ट्वीट का हवाला देते हुए कांग्रेस में राहुल बनाम प्रियंका की लड़ाई जारी होने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि देश संविधान और कानून के शासन से चलता है, किसी परिवार के नियमों से नहीं।

रेहान वाड्रा ने बताया अपना पक्ष

विवाद पर रेहान वाड्रा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी शुरू होने से कुछ घंटे पहले रेजिडेंट कमिश्नर उनके पास आए और कहा कि उनके संग्रह का एक बड़ा हिस्सा आपत्तिजनक है। रेहान के मुताबिक, उन्होंने सावधानी बरतते हुए कोई राजनीतिक प्लेकार्ड या बैनर प्रदर्शित नहीं किया था, लेकिन अधिकारियों ने उन पर बुकिंग पॉलिसी के उल्लंघन का आरोप लगाया। रेहान ने बताया कि अधिकारियों की बात मानते हुए उन्होंने संबंधित कलाकृतियों को उल्टा लटका दिया, ताकि वे दिखाई न दें। इसके बावजूद अधिकारियों ने उन्हें पूरी तरह हटाकर स्टोरेज में रखने को कहा।

तीन साल की मेहनत को बताया दिल दहला देने वाला अनुभव

रेहान वाड्रा ने कहा कि उनका कला संग्रह केवल किसी विरोध का हिस्सा नहीं था, बल्कि तीन साल की मेहनत का नतीजा था। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को एक कलाकार के रूप में बेहद दिल दहला देने वाला अनुभव बताया। रेहान का कहना है कि बीकानेर हाउस की कला के प्रति जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि कला से जुड़े फैसले इस आधार पर नहीं होने चाहिए कि केंद्र में किस पार्टी की सरकार है या किसे क्या पसंद है।

ये भी पढ़ें: नॉर्थ कोरिया 40 पार की महिलाओं को चीन क्यों भेज रहा? पीछे की वजह चौंकाने वाली