Monday, Oct 26

होम = Breaking = व्हाट्सऐप कॉल और हनीट्रैप: संदिग्ध पाकिस्तानी महिला को सैन्य जानकारी देने के आरोप में तमिलनाडु में पूर्व सैन्य अधिकारी गिरफ्तार

व्हाट्सऐप कॉल और हनीट्रैप: संदिग्ध पाकिस्तानी महिला को सैन्य जानकारी देने के आरोप में तमिलनाडु में पूर्व सैन्य अधिकारी गिरफ्तार

Retired Indian Army Captain Arrested: तमिलनाडु के वेल्लोर जिले के कन्नमंगलम में भारतीय सेना के 52 वर्षीय सेवानिवृत्त मानद कैप्टन पी. बाबू को संदिग्ध पाकिस्तानी महिला के साथ सैन्य गतिविधियों की संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि महिला से उनकी पहचान सोशल मीडिया पर हुई थी।

DRDO अधिकारी बनकर महिला ने मांगी जानकारी

जांचकर्ताओं के मुताबिक, महिला ने खुद को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की रिसर्च असिस्टेंट बताया था। वह व्हाट्सऐप पर DRDO परियोजना के बहाने बाबू से सेना की गतिविधियों, हथियारों की खरीद और उनके भंडार की जानकारी मांगती थी।

एक बार बाबू ने जानकारी मांगने का कारण भी पूछा था। पुलिस के अनुसार, बाबू ने कथित तौर पर जानकारी साझा की और महिला के कहने पर अपने पूर्व सहयोगियों से भी जानकारी देने को कहा।

28 साल सेना में दी सेवाएं

पी. बाबू 28 वर्षों की सेवा के बाद 2022 में सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद से वह चेन्नई की नेशनल कैडेट कोर (NCC) अकादमी में पढ़ा रहे थे।

जांच अधिकारी ने मामले को 'हनीट्रैप' बताया है। पुलिस ने बाबू के स्मार्टफोन जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उन्होंने पिछले कुछ महीनों में महिला से संपर्क के लिए अपने नाम पर पांच मोबाइल कनेक्शन खरीदे थे।

गोपनीयता कानून के तहत मामला दर्ज

खुफिया एजेंसियों की पूछताछ के बाद बाबू को पुलिस के हवाले किया गया। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम की धारा 3(1)(c) तथा 5(1)(a) के तहत मामला दर्ज हुआ है। ये प्रावधान राष्ट्रीय संप्रभुता, एकता, अखंडता और सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी से संबंधित हैं। शनिवार को अदालत में पेश करने के बाद बाबू को वेल्लोर केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

पहले भी सामने आए जासूसी के मामले

इसी महीने आंध्र प्रदेश की काउंटर इंटेलिजेंस सेल ने पाकिस्तानी एजेंटों को समुद्री खुफिया जानकारी देने के संदेह में 13 नौसैनिकों से पूछताछ की और 18 संदिग्धों की पहचान की थी। मई में भी वायुसेना के 44 वर्षीय विंग कमांडर को गोपनीय रक्षा दस्तावेज साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

ये भी पढ़े: सरकार ने E100 ईंधन से चलने वाले फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को दी मंजूरी, मोटर वाहन नियमों में किया संशोधन