Wednesday, Oct 14

होम = News Latest = रूस-यूक्रेन युद्ध में भारी नुकसान, एक महीने में रूस के 50 हजार से ज्यादा लोगो की मौत का दावा

रूस-यूक्रेन युद्ध में भारी नुकसान, एक महीने में रूस के 50 हजार से ज्यादा लोगो की मौत का दावा

Russia Ukraine War Casualties: रूस-यूक्रेन युद्ध में सैनिकों के नुकसान को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। नाटो के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के मुताबिक, पिछले महीने रूस के 50 हजार से अधिक सैनिक हताहत हुए, जिनमें करीब 28 हजार की मौत हुई। वहीं, यूक्रेन के लगभग 5 हजार सैनिक हताहत हुए। अधिकारी ने संवेदनशील जानकारी होने के कारण नाम गोपनीय रखने की शर्त पर ये आंकड़े साझा किए।

रूसी सेना को भारी नुकसान

रूस लगातार यूक्रेन में बढ़त हासिल करने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए सैनिकों को ऐसे खतरनाक इलाकों में भेजा जा रहा है, जहां ड्रोन, बारूदी सुरंगें, तोपखाने और अन्य रक्षा व्यवस्थाएं सक्रिय हैं। इन इलाकों को 'किल जोन' कहा जाता है। लगातार सैन्य अभियानों के बावजूद रूस को यूक्रेन की तुलना में कहीं अधिक नुकसान होने का दावा किया गया है।

सैन्य खर्च में 40 प्रतिशत बढ़ोतरी का अनुमान

युद्ध के कारण रूस पर आर्थिक दबाव भी बढ़ रहा है। इस साल उसका सैन्य खर्च शुरुआती योजना से करीब 40 प्रतिशत अधिक रहने का अनुमान है। लंबे संघर्ष के बीच यूक्रेन ने भी कुछ इलाकों में क्षेत्रीय बढ़त हासिल की है। विशेषज्ञों के मुताबिक, सैनिकों की इतनी बड़ी क्षति दोनों देशों की युद्ध जारी रखने की क्षमता प्रभावित कर सकती है।

शांति प्रयासों की जरूरत बढ़ी

जर्मन खुफिया प्रमुख सहित कई अधिकारियों का मानना है कि युद्ध अब ऐसी स्थिति में पहुंच गया है, जहां राजनीतिक कीमत चुकाए बिना इसे समाप्त करना मुश्किल होगा। बढ़ते सैन्य नुकसान रूस के लिए घरेलू चुनौतियां भी पैदा कर सकते हैं। हालांकि, इन आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। युद्ध की बढ़ती मानवीय और आर्थिक कीमत के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कूटनीतिक समाधान और शांति प्रयासों की जरूरत पर जोर दिया जा रहा है।

ये भी पढ़े: 15 साल बाद बनेगी ‘द डर्टी पिक्चर 2’, एकता कपूर ने किया ऐलान; क्या फिर नजर आएंगी विद्या बालन?