The Dirty Picture 2: विद्या बालन की चर्चित फिल्म 'द डर्टी पिक्चर' के रिलीज होने के 15 साल बाद निर्माता एकता कपूर ने इसके सीक्वल की घोषणा कर दी है। हालांकि, 'द डर्टी पिक्चर 2' की कहानी, मुख्य किरदार, स्टारकास्ट और रिलीज डेट को लेकर फिलहाल कोई खुलासा नहीं हुआ है।
एकता कपूर ने पॉडकास्ट में किया ऐलान
रणवीर अल्लाहबादिया के पॉडकास्ट में एकता कपूर ने बताया कि वह लंबे समय से फिल्म का सीक्वल बनाने पर विचार कर रही थीं, लेकिन सही कहानी मिलने के बाद ही उन्होंने इसे आगे बढ़ाने का फैसला किया। एकता ने कहा कि उनकी आने वाली बड़ी फिल्मों में 'द डर्टी पिक्चर 2' शामिल है। इस बार उनके पास दर्शकों को सुनाने के लिए एक नई कहानी है।
सिल्क स्मिता की कहानी पर बनी थी पहली फिल्म
एकता ने बताया कि पहली फिल्म अभिनेत्री सिल्क स्मिता की जिंदगी पर आधारित थी, जिन्हें अपनी यौन स्वतंत्रता के लिए सामाजिक आलोचना झेलनी पड़ी थी। उनके मुताबिक, उन्होंने सिल्क को कभी पीड़िता के रूप में नहीं देखा, बल्कि ऐसी महिला माना जो अपनी यौन स्वतंत्रता को खुलकर स्वीकार करती थी। एकता ने कहा कि सीक्वल भी किसी एक व्यक्ति की कहानी पर केंद्रित होगा। हालांकि, उन्होंने उस व्यक्ति की पहचान नहीं बताई।
विद्या बालन को मिला था पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार
'द डर्टी पिक्चर' में सिल्क स्मिता का किरदार निभाने के लिए विद्या बालन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अपना पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। 2012 में विद्या ने फिल्म से जुड़ी यादें साझा करते हुए कहा था कि पूरी टीम एक अच्छी फिल्म बनाना चाहती थी। उन्होंने निर्देशक मिलन लूथरिया से रिलीज के दो महीने बाद फिल्म दोबारा देखने की इच्छा भी जताई थी। विद्या के मुताबिक, सिल्क का किरदार निभाने और शानदार टीम के साथ काम करने का मौका ही उनके लिए सबसे बड़ा पुरस्कार था। उन्होंने दर्शकों से मिले प्यार के लिए आभार भी जताया था।

