Sunday, Oct 04

होम = State = ‘दृश्यम’ देखकर पिता की हत्या की साजिश, 2000 KM दूर से आया बेटा; मोबाइल ने खोल दिया राज

‘दृश्यम’ देखकर पिता की हत्या की साजिश, 2000 KM दूर से आया बेटा; मोबाइल ने खोल दिया राज

by | Oct 4, 2026 | State, बिहार

Samastipur Father Murder Case: बिहार के समस्तीपुर में एक बेटे ने फिल्म 'दृश्यम' से प्रेरित होकर अपने पिता की हत्या की साजिश रची। गुजरात के सूरत में रह रहा आरोपी करीब 2000 किलोमीटर का सफर तय कर अपने गांव पहुंचा और घर के बाहर सो रहे पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद वह रातोंरात वापस सूरत लौट गया। उसे लगा कि वह पुलिस से बच निकलेगा, लेकिन मोबाइल फोन कुछ देर के लिए चालू करना उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुआ।

घर के बाहर सो रहे पिता पर कुल्हाड़ी से हमला

मामला समस्तीपुर के हलई थाना क्षेत्र के दरवा गांव का है। 26 जुलाई की देर रात रघुवीर सहनी अपने घर के दरवाजे पर सो रहे थे। इसी दौरान उनके बेटे शिव शंकर ने घर में रखी कुल्हाड़ी से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी कुल्हाड़ी घर में ही छोड़कर फरार हो गया घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। FSL टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। शुरुआती जांच में पुलिस को शक हुआ कि हत्या किसी बाहरी व्यक्ति के बजाय परिवार के किसी करीबी ने की है। इसके बाद परिवार और करीबियों की गतिविधियों की जांच शुरू की गई।

जमीन विवाद के चलते पिता से थी नाराजगी

तकनीकी जांच के दौरान पुलिस का शक मृतक के बेटे शिव शंकर पर गया। पुलिस के मुताबिक, शिव शंकर का अपने पिता से जमीन बेचने को लेकर विवाद था। आरोप है कि पिता बेटे और बहू को गाली देते थे। इसी विवाद के चलते शिव शंकर अपनी पत्नी के साथ सूरत जाकर रहने लगा था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि सूरत में रहने के दौरान उसने फिल्म 'दृश्यम' देखी थी। इससे प्रभावित होकर उसने पिता की हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम देने के लिए गांव पहुंचा।

मोबाइल बंद कर पहुंचा गांव, रात में की हत्या

पुलिस के अनुसार, शिव शंकर ने अपनी लोकेशन छिपाने के लिए यात्रा शुरू करने से पहले मोबाइल फोन बंद कर लिया था। वह पहले पटना पहुंचा और फिर हाजीपुर से ट्रेन पकड़कर पटोरी स्टेशन उतरा। वहां से ऑटो लेकर जोरपुरा पहुंचा और करीब चार किलोमीटर पैदल चलकर रात लगभग 12 बजे अपने घर पहुंचा। आरोपी पीछे के दरवाजे से घर में दाखिल हुआ और कोठरी से कुल्हाड़ी निकालकर घर के बाहर सो रहे पिता पर हमला कर दिया। हत्या के बाद वह रात में ही पटोरी स्टेशन के लिए निकल गया, ताकि वापस सूरत लौट सके।

मोबाइल ऑन करते ही खुल गया हत्या का राज

पुलिस के मुताबिक, शिव शंकर ने पुलिस से बचने के लिए मोबाइल बंद रखा था, लेकिन पटोरी स्टेशन पहुंचने के बाद उसने फोन चालू कर लिया। इस दौरान उसने अपनी पत्नी से बातचीत की और फिर मोबाइल बंद कर दिया। तकनीकी जांच में हत्या वाली रात पटोरी स्टेशन पर उसके मोबाइल की लोकेशन मिली। करीब 36 घंटे बाद उसकी लोकेशन सूरत में दर्ज हुई। पुलिस ने मोबाइल के कॉल डिटेल की भी जांच की और इन सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंच गई। इसके बाद शिव शंकर को सूरत से गिरफ्तार कर लिया गया।

पिता के श्राद्ध में भी शामिल नहीं हुआ था आरोपी

पुलिस का कहना है कि पिता की हत्या के बाद शिव शंकर श्राद्ध कर्म में भी शामिल नहीं हुआ था। इससे उस पर शक और गहरा गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को उम्मीद थी कि फिल्म 'दृश्यम' की तरह वह हत्या के बाद कोई सुराग नहीं छोड़ेगा, लेकिन मोबाइल फोन चालू करने की चूक ने उसकी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

ये भी पढ़ें: नॉर्थ कोरिया ने किया ऐसा मिसाइल परीक्षण, जापान-साउथ कोरिया की बढ़ी टेंशन, किम जोंग-उन ने दी चेतावनी