Thursday, Oct 15

होम = Others = संभल: शाही जामा मस्जिद के सामने सत्यव्रत पुलिस चौकी में गूंजे दुर्गा मंत्र, सीओ समेत कई पुलिसकर्मियों ने किया हवन-पूजन

संभल: शाही जामा मस्जिद के सामने सत्यव्रत पुलिस चौकी में गूंजे दुर्गा मंत्र, सीओ समेत कई पुलिसकर्मियों ने किया हवन-पूजन

Sambhal: उत्तर प्रदेश के संभल में शाही जामा मस्जिद के सामने बनी हाईटेक सत्यव्रत पुलिस चौकी में शारदीय नवरात्र के अवसर पर दुर्गा सप्तशती का पाठ और हवन-पूजन किया गया। विशेष यज्ञशाला में दुर्गा मंत्रों के जाप के साथ 75 से अधिक आहुतियां दी गईं। कार्यक्रम में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शामिल होकर जिले में सुख-शांति की कामना की।

डीएम-एसपी समेत कई अधिकारियों ने की पूजा

अनुष्ठान में सीओ कुलदीप कुमार, सदर कोतवाली प्रभारी मोहित चौधरी, चौकी प्रभारी सतीश कुमार और एसएसआई राज सिंह समेत कई पुलिसकर्मी शामिल हुए। डीएम अंकित खंडेलवाल ने बताया कि नवरात्र पर पूरे जिले में देवी आराधना हो रही है। इसी क्रम में चौकी पर भी शांति की प्रार्थना की गई। एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी के अनुसार, पुलिस परिवार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी और पुलिस-प्रशासनिक परिवारों ने विधि-विधान से हवन किया।

संभल हिंसा के बाद हुआ था निर्माण

24 नवंबर 2024 को शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा के बाद प्रशासन ने यहां स्थायी पुलिस चौकी बनाने का निर्णय लिया था। इसका निर्माण 27 दिसंबर 2024 को शुरू होकर लगभग 100 दिनों में पूरा हुआ। 6 अप्रैल 2025 को रामनवमी पर तत्कालीन डीएम और एसपी की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार और हवन के साथ उद्घाटन हुआ।

हाईटेक सुरक्षा सुविधाओं से लैस पुलिस चौकी

मस्जिद के सामने मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्र में नगर पालिका की खाली जमीन पर दो मंजिला चौकी बनाई गई है। इसका उद्देश्य भविष्य में हिंसा रोकना और 24 घंटे सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यहां पूरे शहर के सीसीटीवी कैमरों का मुख्य कंट्रोल रूम और लगभग 100 पुलिसकर्मियों के रहने व तैनाती की व्यवस्था है।

क्यों रखा गया 'सत्यव्रत' नाम?

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, सतयुग में संभल का नाम 'सत्यव्रत' था। इसी सांस्कृतिक मान्यता पर चौकी का नाम रखा गया। मुख्य द्वार की संगमरमर की दीवार पर संविधान की मूल प्रति से प्रेरित चित्रकारी है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन को गीता का उपदेश देते दिखाई देते हैं।

ये भी पढ़े: पंजाब में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या से बवाल, आरोपी के घर पर चला बुलडोजर