Monday, Oct 05

होम = State = बिहार के सारण में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, दो गुट भिड़े तो चली गई 3 जान

बिहार के सारण में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, दो गुट भिड़े तो चली गई 3 जान

by | Oct 5, 2026 | State, बिहार

Saran Triple Murder: बिहार के सारण जिले में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात दो गुटों के बीच हुई झड़प ने हिंसक रूप ले लिया। एकमा थाना क्षेत्र के परसा गांव में चाकू से हमला कर तीन लोगों की हत्या कर दी गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान मुकेश यादव, रविश यादव और अंकु कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल व्यक्ति की पहचान विवेक कुमार के तौर पर हुई है। उसका सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

झड़प में तीन लोगों की मौत

पुलिस के मुताबिक, दोनों गुटों के बीच विवाद के दौरान एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह घटना में कुल तीन लोगों की जान चली गई। घायल विवेक कुमार का फिलहाल सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी है।

विवाद की वजह अभी साफ नहीं

सारण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। फिलहाल दोनों गुटों के बीच विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। हालांकि, गांव के लोगों का कहना है कि वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। इसी दौरान दोनों गुट आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के बाद ही विवाद की पूरी वजह और घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी।

छह लोग हिरासत में, जांच जारी

घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। एसएसपी रोशन कुमार के मुताबिक, मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है।

ये भी पढ़ें: इमारतों से विमान टकराना चाहता था को-पायलट, तेल अवीव को लेकर रिपोर्ट में बड़ा दावा