Smit Machchhar Flydubai Pilot: UAE के डिप्टी प्रधानमंत्री और दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम ने शनिवार को अबू धाबी में भारतीय फ्लाईदुबई पायलट स्मित मच्छर से मुलाकात की। उन्होंने बुधवार को दुबई-तेल अवीव उड़ान के दौरान को-पायलट के हमले के बावजूद यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनकी बहादुरी की तारीफ की।
शेख हमदान ने कहा कि स्मित ने साहस, जिम्मेदारी और मानव जीवन के प्रति संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। उन्होंने UAE नेतृत्व की ओर से भी पायलट के प्रति सम्मान जताया और कहा कि देश को उन्हें अपनी टीम और अपनी राष्ट्रीय कहानी का हिस्सा होने पर गर्व है।
क्रैश एक्स से किया गया था हमला
UAE अटॉर्नी जनरल के कार्यालय के मुताबिक, ओमानी को-पायलट ने FZ1073 के कॉकपिट में स्मित पर क्रैश एक्स से हमला किया और विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश की। विमान में 174 यात्री सवार थे। घायल होने के बावजूद स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोला और मदद मांगी। यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू किया, जिसके बाद रिजर्व क्रू ने विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतारा। Flightradar24 के अनुसार विमान 30 सेकंड से भी कम समय में 14,000 फीट से अधिक नीचे गिरा।
को-पायलट के पुराने रिकॉर्ड की जांच
अल-अरबिया ने को-पायलट की पहचान ओमानी नागरिक हमाम अल-हमामी के रूप में की है। AP के मुताबिक, ओमान ने कथित चरमपंथी विचारों को लेकर उसे पहले उड़ान भरने से रोक दिया था। बाद में उसे फ्लाईदुबई में नौकरी मिली। हालांकि, उसकी पिछली कार्रवाई और भर्ती से पहले हुई जांच को लेकर अभी सवाल बने हुए हैं।
PM मोदी ने भी की थी बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को स्मित से वीडियो कॉल पर बात कर उनके त्वरित फैसलों की सराहना की। मोदी ने कहा कि उन्होंने कई लोगों की जान बचाई और पूरा देश उन पर गर्व करता है। भावुक स्मित ने मोदी को अपना सबसे बड़ा आदर्श बताया। उन्होंने बताया कि हमले के दौरान उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया, जैसा वह मुश्किल समय में करते हैं।
ये भी पढ़े: एशियन गेम्स में भारत का हॉकी में गोल्डन पंच, मलेशिया को 5-1 से हराया

