Sugar Prices in India: देशभर में चीनी की कीमतों में अब कुछ नरमी देखने को मिल रही है। एक हफ्ते में चीनी का औसत रिटेल भाव 3.85% घटकर ₹62.57 प्रति किलो हो गया है। एक सप्ताह पहले यह ₹65.08 प्रति किलो था। हालांकि, कीमतें अभी भी पिछले महीने के ₹49.33 प्रति किलो के मुकाबले करीब 27% ज्यादा हैं।
थोक बाजार में भी गिरावट
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 2 सितंबर को चीनी का औसत थोक भाव ₹57.62 प्रति किलो रहा, जबकि एक हफ्ते पहले यह ₹60.39 था। यानी थोक कीमत करीब ₹2.77 प्रति किलो घटी है। हालांकि, रिटेल ग्राहकों तक इसका पूरा फायदा तुरंत नहीं पहुंच रहा है। दुकानदारों के पास महंगे दाम पर खरीदा गया पुराना स्टॉक है, जिसे वे नुकसान में बेचने से बच रहे हैं।
सस्ता स्टॉक आने में लगेगा समय
उद्योग से जुड़े एक सूत्र के अनुसार, रिटेल कीमतों में बदलाव दिखने में कम से कम 10 दिन लग सकते हैं। आमतौर पर दुकानदारों के पास 10-15 बोरियां स्टॉक में रहती हैं और हर बोरी करीब 50 किलो की होती है। पुराना स्टॉक खत्म होने और सस्ता नया स्टॉक आने के बाद ही कीमतों में बड़ी गिरावट संभव है।
सरकार के कदमों का असर
कीमतों पर काबू पाने के लिए केंद्र ने 10 लाख टन चीनी के इंपोर्ट की अनुमति देने के साथ बल्क यूजर्स और डीलरों के स्टॉक नियम सख्त किए हैं। इनका असर थोक बाजार में दिख रहा है। 2025-26 मार्केटिंग ईयर में उत्पादन अनुमान 343 लाख टन से घटाकर 306 लाख टन किया गया है। फिर भी सरकार के मुताबिक पर्याप्त स्टॉक है। सालाना घरेलू खपत करीब 280-285 लाख टन रहने का अनुमान है। अगले 10 दिन नए सस्ते स्टॉक की सप्लाई और मांग कीमतों की दिशा तय करने में अहम होंगे।
ये भी पढ़े: EOS-05 की अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक हुई लॉन्चिंग, जितेंद्र सिंह ने बताई इसकी खासियत

