Thursday, Aug 27

होम = Cover Story Latest = तीसरी मंजिल से गिरा 10 साल का बच्चा, गर्दन से आर-पार हुआ सरिया; 1 घंटे की सर्जरी से बची जान

तीसरी मंजिल से गिरा 10 साल का बच्चा, गर्दन से आर-पार हुआ सरिया; 1 घंटे की सर्जरी से बची जान

Surat: गुजरात के सूरत के उन इलाके के मिस्वाहुन नगर में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। महमुदिया मदरसे में पढ़ने वाला 10 वर्षीय नाजिश मोहम्मद उर्फ नाजिम तीसरी मंजिल से गिरकर पास की निर्माणाधीन इमारत के पिलर से निकले लोहे के सरिये पर जा गिरा। सरिया उसके कंधे और गर्दन के पिछले हिस्से को चीरते हुए मुंह से बाहर निकल आया।

लोगों ने काटा सरिया, अस्पताल पहुंचाया

हादसा शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ। स्थानीय लोगों ने कटर से सरिये को काटा और बच्चे को उसी में फंसे सरिये के साथ 108 एंबुलेंस से न्यू सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे के बचने की संभावना महज 20 फीसदी थी। प्राथमिक उपचार और सीटी स्कैन के बाद उसे तुरंत ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया।

एनेस्थीसिया देना था बड़ी चुनौती

डॉक्टर दिव्यांग दवे के मुताबिक मुंह में सरिया फंसा होने के कारण एनेस्थीसिया की ट्यूब डालना सबसे मुश्किल चुनौती थी, जिसे एनेस्थीसिया टीम ने सफलतापूर्वक संभाला। सीनियर कंसल्टेंट डॉ. प्रकाश पटेल, प्लास्टिक सर्जन डॉ. नीलेश काछड़िया समेत विशेषज्ञों और ENT सर्जन्स की टीम ने करीब एक घंटे की सर्जरी में सरिया निकाल दिया। राहत की बात रही कि गर्दन की मुख्य रक्त वाहिकाओं को नुकसान नहीं पहुंचा। लार ग्रंथि और मांसपेशियों में हल्की चोट थी, जिसे डॉक्टरों ने रिपेयर कर दिया। बच्चा फिलहाल ICU में है और उसकी हालत स्थिर है।

CCTV से सामने आएगी हादसे की वजह

बच्चे के पिता सदरे आलम ने बताया कि हादसे के समय वह काम पर थे और सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों का आभार जताते हुए कहा कि हादसा कैसे हुआ और किसकी लापरवाही थी, यह मदरसे के CCTV फुटेज से ही स्पष्ट होगा।

ये भी पढ़े: इथेनॉल की बढ़ी भूख ने महंगा किया अंडा! चीनी के बाद महंगाई की एक और मार