Tamil Nadu Jail Escape: तमिलनाडु के थेनी जिले की एक उप-जेल से 17 कैदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। सोमवार देर रात कैदियों ने मेडिकल इमरजेंसी का बहाना बनाया और मदद के लिए पहुंचे सुरक्षाकर्मी पर हमला कर दिया। इसके बाद सभी जेल से भाग निकले। मंगलवार सुबह तक पुलिस ने कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान चार कैदियों को पकड़ लिया था, जबकि बाकी फरार कैदियों की तलाश जारी है।
गार्ड पर हमला कर जेल से फरार हुए 17 कैदी
जानकारी के मुताबिक, तमिलनाडु की थेक्कम्पट्टी उप-जेल से फरार हुए सभी 17 कैदी विचाराधीन थे। कैदियों ने मेडिकल इमरजेंसी का हवाला देकर मदद मांगी थी। उनकी बात सुनकर जेल गार्ड सेल के अंदर पहुंचा, तभी कैदियों ने उस पर हमला कर दिया और फरार हो गए। उनकी तलाश के लिए पुलिस ने 17 टीमें गठित की हैं। ये टीमें पूरे तमिलनाडु और केरल सीमा के आसपास तलाशी अभियान चला रही हैं।
4 कैदी दोबारा पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक, अंदीपट्टी के पास थेक्कमपट्टी उप-जेल से फरार हुए 17 विचाराधीन कैदियों में से चार को दोबारा पकड़ लिया गया है। साउथ जोन के पुलिस महानिरीक्षक विजयेंद्र बिदारी ने बताया कि बाकी कैदियों की तलाश के लिए 17 विशेष टीमें बनाई गई हैं। वहीं, कैदियों के हमले में घायल जेल गार्ड थंगापांडी के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें जी. विलाक्कु के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ड्यूटी पर तैनात दो अन्य जेलकर्मियों को भी हल्की चोटें आई हैं।
ये भी पढ़ें: असम में पुलिस हेडक्वार्टर से 2KM की दूरी पर फायरिंग में 5 लोगों की हुई मौत

