Trump on Brazil Election: ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसा बयान दिया है, जिसने सबका ध्यान खींचा है। ट्रंप ने कहा कि उन्हें लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा पसंद हैं, लेकिन चुनाव का पूरा घटनाक्रम उन्हें भ्रष्ट और खराब लगा। उन्होंने इसे धांधली वाले चुनाव जैसा बताते हुए कहा कि उन्होंने किसी का पक्ष नहीं लिया था।
‘वोटों की गिनती और समयसीमा बढ़ाना अजीब’
ट्रंप ने कहा कि वह ब्राजील नहीं, बल्कि अमेरिका चला रहे हैं और लूला दा सिल्वा के साथ उनके संबंध काफी अच्छे हैं। हालांकि, उन्होंने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि वोटों की गिनती का तरीका और समयसीमा बढ़ाया जाना बेहद अजीब था। ट्रंप ने आरोप लगाया कि चुनाव में धांधली हुई। उनके मुताबिक, लूला से अच्छे संबंध होने के बावजूद उन्हें चुनाव का पूरा घटनाक्रम खराब लगा।
चौथी बार राष्ट्रपति बनेंगे लूला दा सिल्वा
ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने जीत दर्ज की है। वह चौथी बार देश के राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभालेंगे। चुनाव में उन्होंने कट्टर दक्षिणपंथी प्रतिद्वंद्वी और लिबरल पार्टी के नेता फ्लावियो बोल्सोनारो को मामूली अंतर से हराया। लूला की जीत पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत दुनिया भर के कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।
ये भी पढ़ें: ब्राजील में लूला दा सिल्वा फिर बने राष्ट्रपति, जायर बोल्सोनारो के बेटे को हराया

