Typhoon Champi Taiwan: ताइवान पर शक्तिशाली तूफान चैंपी का खतरा मंडरा रहा है। शुक्रवार को तूफान के तट से टकराने की आशंका के बीच प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। तूफान के दौरान हवाओं की रफ्तार 173 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस बीच, ताइवान में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और दर्जनों लोग घायल हुए हैं।
1,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
ताइवान में तूफान चैंपी के खतरे को देखते हुए 1,000 से अधिक लोगों को उनके घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने लोगों से तटों और पहाड़ी इलाकों से दूर रहने की अपील की है। वहीं, उत्तर-पूर्वी तट पर भूस्खलन के कारण बने बांध के पास रहने वाले लोगों को भी एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है।
बांध टूटने का खतरा, कई उड़ानें रद्द
तूफान चैंपी के दौरान भूस्खलन से बने बांध के टूटने का खतरा भी बना हुआ है। इसके चलते ताइवान और पड़ोसी जापान में कई दर्जन उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिससे हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं। चैंपी इस साल जापान में आने वाला 30वां तूफान है। वर्ष 2013 के बाद यह पहली बार है, जब जापान में एक साल में इतने अधिक तूफान आए हैं।
फिलीपींस में तूफान का नाम रोसल
फिलीपींस में इस तूफान को रोसल नाम दिया गया है। वहां तूफानों के नाम अंग्रेजी वर्णमाला के क्रम में रखे जाते हैं। ऐसे में साल के अंत तक वर्णमाला के आठ अक्षर अभी बाकी हैं। हालांकि, एक ही साल में A से Z तक सभी अक्षरों के नामों का इस्तेमाल होना असंभव नहीं है, लेकिन फिलीपींस में ऐसा बेहद दुर्लभ है।
अल नीनो से बढ़ सकती है तूफानों की संख्या
हाल के दिनों में तूफानों की बढ़ती संख्या के पीछे असामान्य रूप से शक्तिशाली अल नीनो को वजह माना जा रहा है। यह प्रशांत महासागर में हर कुछ साल में होने वाली प्राकृतिक मौसमी घटना है, जो दुनिया के कई हिस्सों में मौसम के पैटर्न को प्रभावित करती है। इसके चलते सूखे से लेकर तूफान तक, कई तरह की चरम मौसमी घटनाएं हो सकती हैं। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस साल अभी और तूफान बन सकते हैं।
ये भी पढ़ें: चीन के पूर्वी तट पर ‘डॉल्फिन’ तूफान का असर, शंघाई में 1,300+ उड़ानें रद्द, प्रशासन अलर्ट

