Thursday, Oct 15

होम = News Latest = अमेरिका में हिंदू मंदिर पर खतरे को लेकर भारत हुआ सख्त, नफरत के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

अमेरिका में हिंदू मंदिर पर खतरे को लेकर भारत हुआ सख्त, नफरत के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

US Hindu temple attack plot: अमेरिका में हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की कथित साजिश सामने आने के बाद भारत सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इलिनोइस राज्य में पुलिस ने समय रहते इस साजिश को नाकाम कर दिया। भारत के विदेश मंत्रालय ने घटना को हिंदू-विरोधी और नस्लवादी सोच से जुड़ा बताते हुए चिंता जताई है। साथ ही, अमेरिका से भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

हिंदू-विरोधी और नस्लवादी सोच पर भारत ने जताई चिंता

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका के इलिनोइस राज्य के ऑरोरा में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश की खबर से भारत बेहद चिंतित है। उन्होंने कहा कि साजिश का हिंदू-विरोधी और नस्लवादी स्वरूप खास तौर पर चिंता का विषय है। इसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की बात सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है।

भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग

रणधीर जायसवाल ने बताया कि अमेरिकी पुलिस और जांच एजेंसियों ने मामले में कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को गिरफ्तार किया है और उसके खिलाफ आरोप भी लगाए हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यह घटना अमेरिका में नस्लवादी दुश्मनी और भारत विरोधी नफरत को लेकर चिंताएं बढ़ाती है। मंत्रालय ने भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए सतर्कता बढ़ाने और नफरत से प्रेरित हिंसा पर सख्त कार्रवाई की जरूरत बताई।

हिंदू मंदिर पर हमले की योजना बनाने का आरोप

दरअसल, इलिनोइस के पैलेटाइन शहर के 19 वर्षीय युवक अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस पर ऑरोरा के सबसे बड़े हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की योजना बनाने का आरोप है। वह टैको बेल में काम करता था और कथित तौर पर अपने सहकर्मियों के सामने खुद को श्वेत वर्चस्ववादी और नव-नाजी बताता था। आरोप है कि उसने भारतीय मूल के लोगों को मारने की इच्छा भी जाहिर की थी।

ये भी पढ़ें: हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की थी साजिश? अमेरिका में 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार

बंगाल