Vashu Bhagnani Income Tax Probe: फिल्म फंडिंग से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन की जांच के बीच प्रोड्यूसर वाशु भगनानी के लंदन में अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आई है। उनकी तबीयत बिगड़ने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है और स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा जानकारी का इंतजार है। यह घटनाक्रम मुंबई में वाशु भगनानी, रकुल प्रीत सिंह और पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े 12 ठिकानों पर इनकम टैक्स विभाग की तलाशी के बाद सामने आया है।
विदेश भेजे गए पैसों को लेकर हो रही जांच
मुंबई इनकम टैक्स विभाग की तलाशी कथित वित्तीय अनियमितताओं और फिल्म प्रोडक्शन से जुड़े विदेशी लेन-देन की जांच के तहत की गई। अधिकारियों ने फिल्म से जुड़े लोगों और उनके प्रोडक्शन बैनर से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी ली। हालांकि, जिन लेन-देन पर सवाल उठे हैं, उनकी विस्तृत जानकारी और इसमें शामिल कुल रकम का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया गया है। इससे पहले वाशु भगनानी ने नेटफ्लिक्स पर धोखाधड़ी और साजिश के आरोप लगाए थे।
1995 में शुरू किया था प्रोडक्शन हाउस
वाशु भगनानी ने 1995 में पूजा एंटरटेनमेंट की शुरुआत की और इसी साल गोविंदा की ‘कुली नंबर 1’ से बतौर प्रोड्यूसर करियर शुरू किया। इसके बाद उन्होंने ‘हीरो नंबर 1’, ‘बीवी नंबर 1’ और ‘रहना है तेरे दिल में’ जैसी फिल्मों का निर्माण किया। बेटे जैकी भगनानी के साथ उन्होंने ‘सरबजीत’, ‘बेल बॉटम’ और ‘बड़े मियां छोटे मियां’ बनाई।
'बड़े मियां छोटे मियां’ के बाद बढ़ा था विवाद
अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ 10 अप्रैल 2024 को रिलीज हुई थी। फिल्म के कमजोर प्रदर्शन के बाद प्रोड्यूसर वाशु और जैकी भगनानी तथा डायरेक्टर अली अब्बास जफर के बीच पैसों को लेकर विवाद की खबरें सामने आईं। अली अब्बास ने भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया, जबकि भगनानी परिवार ने उन पर पैसों के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।
ये भी पढ़ें: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की बढ़ीं मुश्किलें, दो प्रॉपर्टी नीलामी के आदेश

