Rajpal Yadav News: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। 16.61 करोड़ रुपये के बकाया कर्ज से जुड़े मामले में उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित उनकी दो संपत्तियों की 9 सितंबर को नीलामी होनी है। इस संबंध में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने संबंधित संपत्तियों पर नोटिस भी चस्पा कर दिया है।
फिल्म के लिए लिया था कर्ज, अब होगी प्रॉपर्टी की नीलामी
जानकारी के मुताबिक, राजपाल यादव ने अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के निर्माण क लिए बैंक से कर्ज लिया था। बकाया राशि की वसूली नहीं होने पर बैंक ने गिरवी रखी गई शाहजहांपुर की दो संपत्तियों पर कब्जा लेकर नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन संपत्तियों में खेत और मकान शामिल हैं। ऑनलाइन नीलामी 9 सितंबर को प्रस्तावित है।
चेक बाउंस केस के बीच बढ़ीं आर्थिक मुश्किलें
चेक बाउंस मामले के बीच अब राजपाल यादव की आर्थिक परेशानियां भी बढ़ती नजर आ रही हैं। उनकी संपत्तियों पर नीलामी का नोटिस चस्पा होने के बाद यह मामला चर्चा में है। बैंक अधिकारियों का कहना है कि बकाया लोन की वसूली के लिए यह कार्रवाई बैंकिंग नियमों के तहत की जा रही है।
