Vijay Deverakonda Rashmika Mandanna Cyber Crime Complaint: अभिनेता विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने 'कॉफी विद करण 9' में अपनी शादी और रिश्ते को लेकर की गई बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर फैल रही कथित भ्रामक खबरों और ट्रोलिंग के खिलाफ कानूनी कदम उठाया है। दोनों की ओर से हैदराबाद साइबर क्राइम अधिकारियों को औपचारिक शिकायत देकर जांच की मांग की गई है।
फर्जी पोस्ट और ऑनलाइन उत्पीड़न का आरोप
दोनों कलाकारों के मैनेजर पी. निशांत कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है। इसमें फर्जी सामग्री, छेड़छाड़ किए गए स्क्रीनशॉट, पहचान का गलत इस्तेमाल और ऑनलाइन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। टीम ने जांच के लिए संबंधित लिंक और सबूत भी सौंपे हैं।
प्रेस नोट में स्पष्ट किया गया कि शिकायत का उद्देश्य अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता या वास्तविक आलोचना रोकना नहीं, बल्कि गलत जानकारी और संभावित गैरकानूनी गतिविधियों के लिए जवाबदेही तय करना है। टीम ने लोगों से अपुष्ट दावे साझा न करने की अपील की और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की बात कही।
'कॉफी विद करण' में क्या हुआ था?
करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण 9' के दूसरे एपिसोड में रश्मिका ने बताया कि उन्होंने एयरपोर्ट पर विजय से शादी के लिए पूछा था। जवाब में विजय ने कहा था कि वह उनसे 100 बार पूछें। रश्मिका ने बताया कि वह एक साल तक शादी के लिए पूछती रहीं।
विजय के मुताबिक, वह शादी जैसा बड़ा फैसला लेने से पहले पर्याप्त समय चाहते थे। हालांकि, कुछ दर्शकों को लगा कि रिश्ते में रश्मिका की भावनाएं एकतरफा थीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर विजय को 'रेड फ्लैग' बताते हुए पत्नी का अनादर करने के आरोप लगाए गए।
ट्रोलिंग पर दोनों ने दिया जवाब
26 अक्टूबर को दोनों ने अलग-अलग सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आलोचनाओं का जवाब दिया। रश्मिका ने विजय का समर्थन करते हुए कहा कि वह उन्हें हजार बार भी चुनेंगी। वहीं, विजय ने अपनी शादी को बेहद खुशहाल बताया और आलोचकों से अपनी राय अपने तक सीमित रखने को कहा।

