लाइफस्टाइल

उदासी में चॉकलेट-आइसक्रीम खाने का क्यों करता है मन? दिमाग का यह कनेक्शन जान लीजिए

Comfort Eating: जब मन उदास होता है या किसी बात को लेकर तनाव रहता है, तो कई लोगों का मन चॉकलेट, आइसक्रीम, पिज्जा और चिप्स जैसी चीजें खाने का करने लगता है। ऐसे समय में सलाद और उबली सब्जियों की तरफ देखने का भी मन नहीं करता। खाने की इस आदत को 'कम्फर्ट ईटिंग' कहा जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि तनाव या उदासी के दौरान दिमाग खासतौर पर मीठे और जंक फूड की मांग क्यों करने लगता है? ब्रिटेन में हुई एक रिसर्च ने इस सवाल का जवाब तलाशने की कोशिश की है। यह अध्ययन ब्रिटिश जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन में प्रकाशित हुआ है।

चॉकलेट और पिज्जा खाने का मन क्यों करता है?

ब्रिटेन में 1,203 लोगों पर किए गए इस अध्ययन में सामने आया कि कुछ खास खाद्य पदार्थों को खाने से पहले ही लोग उनसे खुशी मिलने की उम्मीद करने लगते हैं। यही उम्मीद उन्हें बार-बार उन चीजों की तरफ आकर्षित करती है। रिसर्च के दौरान वैज्ञानिकों ने प्रतिभागियों को 36 तरह के खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों की तस्वीरें दिखाई। इनमें फास्ट फूड, चॉकलेट, आइसक्रीम, केक, फल, सब्जियां और पैकेज्ड ड्रिंक्स शामिल थे। इसके बाद प्रतिभागियों से पूछा गया कि इन चीजों को खाने की कल्पना करने पर उन्हें कैसा महसूस होता है। अध्ययन में चॉकलेट को 4.08, स्ट्रॉबेरी को 4.07 और केक को 3.99 स्कोर मिला। वहीं, सलाद का स्कोर 2.93 और उबली गाजर का 2.96 रहा। इससे पता चला कि कुछ खाद्य पदार्थों के बारे में सोचने भर से लोगों में सकारात्मक भावनाएं पैदा हो सकती हैं।

उदासी में जंक फूड खाने के पीछे क्या है दिमाग का कनेक्शन?

इस व्यवहार को समझाने के लिए वैज्ञानिकों ने 'एक्सपेक्टेंसी थ्योरी' का जिक्र किया है। इसके मुताबिक, हमारा दिमाग पुराने अनुभवों के आधार पर भविष्य में मिलने वाले सुख और सुकून का अनुमान लगाता है। उदाहरण के तौर पर, बचपन में रोने पर माता-पिता ने चॉकलेट या टॉफी देकर चुप कराया हो, अच्छे नंबर आने पर मिठाई खिलाई गई हो या किसी खुशी के मौके पर पिज्जा पार्टी हुई हो, तो दिमाग इन खाद्य पदार्थों को खुशी और सुकून से जोड़ सकता है। धीरे-धीरे ये अनुभव आदत में बदल जाते हैं। बड़े होने पर जब व्यक्ति तनाव या उदासी महसूस करता है, तो उसका दिमाग उन्हीं चीजों की तरफ आकर्षित होने लगता है, जिनसे पहले खुशी मिली थी। उसे लगता है कि चॉकलेट, आइसक्रीम या अपना पसंदीदा जंक फूड खाने से मूड बेहतर हो जाएगा।

कम्फर्ट ईटिंग से बिगड़ सकती है सेहत

तनाव के दौरान पसंदीदा चीजें खाना कुछ समय के लिए अच्छा महसूस करा सकता है, लेकिन बार-बार ऐसा करना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इस अध्ययन में 54 फीसदी लोगों ने बताया कि तनाव महसूस होने पर वे सामान्य से ज्यादा खाना खाते हैं। उदाहरण के लिए, जो लोग आम दिनों में थोड़ी चॉकलेट खाते हैं, वे तनाव के समय इसकी मात्रा बढ़ा देते हैं। अगर लगातार तनाव में अधिक कैलोरी और चीनी वाले खाद्य पदार्थों का सेवन किया जाए, तो वजन बढ़ने का खतरा हो सकता है। इसके अलावा मेटाबॉलिक बीमारियों का जोखिम भी बढ़ सकता है। इसलिए उदासी या तनाव को दूर करने के लिए बार-बार खाने पर निर्भर रहना सही आदत नहीं है।

मूड खराब हो तो खाने की जगह क्या करें?

अगर तनाव या उदासी के समय बार-बार चॉकलेट, चिप्स या पिज्जा खाने का मन करता है, तो अपनी इस आदत पर ध्यान देना जरूरी है। इसके लिए कुछ आसान तरीके अपनाए जा सकते हैं।
एक मिनट रुकें: कुछ भी खाने से पहले खुद से पूछें कि क्या आपको सच में भूख लगी है या आप तनाव से ध्यान हटाने के लिए खाना चाहते हैं।
खाने की मात्रा पर ध्यान दें: पसंदीदा चीजें पूरी तरह छोड़ने के बजाय उनकी मात्रा सीमित रखें।
हेल्दी विकल्प चुनें: चॉकलेट और चिप्स की जगह फल या दूसरे पौष्टिक खाद्य पदार्थ खाने की कोशिश करें।
तनाव की वजह समझें: अगर उदासी या तनाव की वजह से बार-बार खाने का मन करता है, तो इसकी असली वजह पहचानने की कोशिश करें।

कुल मिलाकर, मूड खराब होने पर चॉकलेट, पिज्जा या आइसक्रीम खाने की इच्छा के पीछे पुराने अनुभव और उनसे जुड़ी खुशी की उम्मीद हो सकती है। हालांकि, थोड़ी देर के सुकून के लिए बार-बार जंक फूड खाना सेहत पर भारी पड़ सकता है। इसलिए भूख और भावनात्मक रूप से खाने की इच्छा के बीच अंतर समझना जरूरी है।

ये भी पढ़ें: भगवान कृष्ण के बाद अब श्रीराम पर टिप्पणी से बवाल, अखिलेश यादव ने धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम रद्द करने की मांग की

Lavanya Dayal

Recent Posts

NVIDIA CEO की करीबी बनकर जासूसी का आरोप, चीनी महिला पर उठे सवाल तो बीजिंग ने दी सफाई

Jensen Huang China Espionage Allegations: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी NVIDIA के CEO जेनसेन हुआंग…

5 hours ago

काशी जा रही शव यात्रा में भीषण हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने सवारी गाड़ी को मारी टक्कर; 5 की मौत, 14 घायल

Hazaribagh Danua Valley Road Accident: झारखंड के हजारीबाग में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे…

5 hours ago

दिवाली पर ‘रामायण’ की रिकॉर्डतोड़ कमाई, 4 दिन में दुनियाभर से जुटाए करीब 500 करोड़

Ramayana Movie Box Office Collection: नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' ने…

6 hours ago

पाकिस्तानी टीवी एंकर राबिया अहसन की गोली मारकर हत्या, पति ने पुलिस पूछताछ में कबूला जुर्म

Pakistani TV Anchor Rabia Ahsan Murder: पाकिस्तान की मशहूर टेलीविजन एंकर और कार्यक्रम होस्ट राबिया…

6 hours ago

शेख हसीना ने नए पासपोर्ट के लिए किया आवेदन, बांग्लादेश वापसी की दिशा में बढ़ाया पहला कदम

Sheikh Hasina Bangladesh Return: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना दिसंबर में अपने देश लौटने…

6 hours ago

दिवाली पर पंजाब के खेतों में लगाई गई आग? दिल्ली सरकार ने AQI संकट के पीछे साजिश का लगाया आरोप

Delhi Pollution, Punjab Stubble Burning: दिल्ली में प्रदूषण को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और…

6 hours ago