Ankit Baliyan murder case: हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शामली में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो संदिग्धों को मार गिराया गया है। मारे गए संदिग्धों की पहचान सुमित और मोहित के तौर पर बताई जा रही है। दोनों की पुलिस को तलाश थी। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर है।
परिवार की नाराजगी के बाद पुलिस ने तेज की कार्रवाई
अंकित बालियान हत्याकांड के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था। इससे पहले शामली डीएम आलोक यादव और एसपी एनपी सिंह बंतीखेड़ा गांव पहुंचे थे। दोनों अधिकारियों ने अंकित के पिता सतवीर सिंह समेत पूरे परिवार से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई और न्याय दिलाने का भरोसा दिया था। दरअसल, परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए चार दिन की मोहलत दी थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया।
शूटर्स की तलाश में हरियाणा के कई जिलों में पहुंची पुलिस टीमें
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच अब हरियाणा तक पहुंच गई है। मामले की पड़ताल में सामने आए इनपुट के आधार पर शामली और मेरठ पुलिस की टीमें हिसार, रोहतक और करनाल पहुंची हैं। पुलिस को शक है कि हत्याकांड को अंजाम देने वाले शूटर्स इन्हीं जिलों से जुड़े हो सकते हैं। टीमों ने स्थानीय स्तर पर संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाने के साथ उनकी तलाश भी तेज कर दी है।

