Awarapan 2: अभिनेता इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘आवारापन’ के सीक्वल को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के शुरुआती तीन दिनों में भारत में करीब 82 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली है। फिल्म की सफलता से इमरान हाशमी के साथ उनकी पत्नी परवीन हाशमी भी काफी खुश हैं।
पत्नी परवीन ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट
फिल्म की सफलता के बीच परवीन हाशमी ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए इमरान के लिए भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने बताया कि इमरान को इस मुकाम तक पहुंचने में 23 साल का लंबा समय लगा है। इस सफर में उन्होंने धैर्य, मेहनत, भरोसे और समर्पण के साथ लगातार काम किया। परवीन ने लिखा कि इमरान के करियर में कई फिल्में सफल रहीं, तो कुछ फिल्मों ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया। इसके बावजूद इमरान ने कभी असफलताओं को अपने अगले फैसलों पर हावी नहीं होने दिया और लगातार काम करते रहे।
‘कुछ शुक्रवार बहुत अच्छे रहे तो कुछ ने दिल तोड़ा’
परवीन ने अपने पोस्ट में इमरान के करियर के उतार-चढ़ाव का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि कुछ शुक्रवार उनके लिए बेहद अच्छे रहे, जबकि कुछ ने निराश किया। इसके बावजूद इमरान को हमेशा भरोसा रहा कि उनकी मेहनत का फल एक दिन जरूर मिलेगा। ‘आवारापन 2’ को मिल रहे प्यार और सफलता के बाद भी इमरान के शांत और जमीन से जुड़े रहने की परवीन ने तारीफ की। उन्होंने कहा कि यही खूबी उन्हें दूसरों से अलग बनाती है।
‘पूरा बॉलीवुड एक तरफ और इमरान हाशमी एक तरफ’
परवीन ने अपने पोस्ट में ‘द बस्टर्ड्स ऑफ बॉलीवुड’ की एक चर्चित लाइन का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि शायद इसी वजह से ‘पूरा बॉलीवुड एक तरफ और इमरान हाशमी एक तरफ’ जैसी लाइन इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों के दिलों को छूती है।
19 साल बाद आया ‘आवारापन’ का सीक्वल
‘आवारापन’ साल 2007 में रिलीज हुई क्राइम और इमोशनल ड्रामा फिल्म थी। इसमें इमरान हाशमी ने शिवम पंडित का किरदार निभाया था, जो अपने दर्दनाक अतीत से जूझता है। फिल्म की कहानी और इसके गानों को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। ‘तो फिर आओ’ और ‘माहीया’ जैसे गाने आज भी लोकप्रिय हैं। अब करीब 19 साल बाद ‘आवारापन 2’ के जरिए इस कहानी की फ्रेंचाइजी वापस आई है। फिल्म की शुरुआती बॉक्स ऑफिस सफलता ने इमरान हाशमी के प्रशंसकों के बीच भी उत्साह बढ़ा दिया है।
ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/ashokdham-temple-lakhisarai-crowd-stampede-7-devotees-dead/

