Gyanesh Kumar Padma Bhushan: पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को कम से कम पद्म भूषण दिए जाने की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि कुमार की भूमिका में बंगाल विधानसभा चुनाव में डर और हिंसा पर रोक लगी और लोगों को मतदान का अवसर मिला।
भट्टाचार्य ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से कथित बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाने का श्रेय भी CEC को दिया। उनके मुताबिक, पश्चिम बंगाल जैसे सीमावर्ती राज्य में मतदाता सूची की “सफाई” एक महत्वपूर्ण कदम था।
CEC पर विपक्ष के हमले के बीच बयान
भट्टाचार्य की टिप्पणी ऐसे समय आई है जब चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR को लेकर विवाद चल रहा है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के कुछ फैसलों पर 14 बार लिखित आपत्ति दर्ज की थी। इस बीच कांग्रेस ने CEC के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए और उनके हटाने की मांग की है। CEC से जुड़े चुनावी आदेशों और कथित सॉफ्टवेयर बदलावों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर हुई है।
BJP ने बताया आयोग का लोकतांत्रिक कामकाज
BJP प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि तीनों चुनाव आयुक्तों के बीच अलग-अलग राय सामने आना दर्शाता है कि चुनाव आयोग लोकतांत्रिक तरीके से काम कर रहा है। वहीं भट्टाचार्य ने राहुल गांधी के CEC और केंद्र सरकार के खिलाफ लगाए आरोपों को भी खारिज किया।
ये भी पढ़े: नागालैंड में जहरीली शराब से 2 दिन में 19 मौतें, SIT जांच में जुटी; 3,000 बोतलें जब्त

