होम = मनोरंजन = पंकज त्रिपाठी के जीवन में गहरा सन्नाटा…मां हेमवंती देवी का 89 वर्ष की उम्र में हुआ निधन, परिवार संग किया अंतिम संस्कार

पंकज त्रिपाठी के जीवन में गहरा सन्नाटा…मां हेमवंती देवी का 89 वर्ष की उम्र में हुआ निधन, परिवार संग किया अंतिम संस्कार

Pankaj Tripathi: बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता पंकज त्रिपाठी के जीवन में एक गहरा दुख छा गया है। उनकी मां श्रीमती हेमवंती देवी का शनिवार को निधन हो गया। 89 वर्ष की आयु में उन्होंने बिहार के गोपालगंज जिले के बेलसंड गांव स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। बीते कुछ समय से वे अस्वस्थ चल रही थीं। निधन के समय पंकज त्रिपाठी स्वयं अपनी मां के पास मौजूद थे।

परिवार का आधिकारिक बयान

त्रिपाठी परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया, “हमें अत्यंत दुख के साथ यह सूचित करना पड़ रहा है कि श्रीमती हेमवंती देवी का निधन हो गया है। वे 89 वर्ष की थीं और कुछ समय से बीमार थीं। उन्होंने अपने परिवार के बीच, नींद में शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। पंकज त्रिपाठी उस समय उनके साथ थे।” परिवार ने इस कठिन घड़ी में निजता बनाए रखने की अपील की है और सभी से अनुरोध किया है कि वे हेमवंती देवी को अपनी प्रार्थनाओं में याद रखें। शनिवार को बेलसंड में ही परिवार, रिश्तेदारों और करीबी मित्रों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। परिजनों ने सभी शुभचिंतकों से अपील की है कि वे इस दुःख की घड़ी में परिवार को शांति से शोक मनाने का अवसर दें।

मां से गहरा रिश्ता था पंकज का

पंकज त्रिपाठी ने हमेशा अपनी मां को अपने जीवन की प्रेरणा बताया है। वे अक्सर कहते थे कि उनकी मां ने उन्हें संस्कार, अनुशासन, विनम्रता और दया की सीख दी। गोपालगंज के एक किसान परिवार से आने वाले पंकज आज भी अपनी सादगी और जड़ों से जुड़े हैं। मां के प्रति उनके प्रेम की झलक अक्सर उनके इंटरव्यूज़ में देखने को मिलती थी।

फिल्म इंडस्ट्री और प्रशंसकों की संवेदना

निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर लोग पंकज और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और हेमवंती देवी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। वर्कफ्रंट की बात करें, तो पंकज त्रिपाठी हाल ही में “क्रिमिनल जस्टिस 4” और “मेट्रो…इन डिनो” में नजर आए थे। अब वे जल्द ही अपनी लोकप्रिय सीरीज “मिर्जापुर द फिल्म” में दिखेंगे। लेकिन इस समय अभिनेता अपने व्यक्तिगत जीवन के सबसे भावनात्मक दौर से गुजर रहे हैं।

ये भी पढ़े – एक्स ने किया पाकिस्तान पीएम शहबाज शरीफ के दावे का पर्दाफाश, कश्मीर पर झूठा बयान हुआ बेनकाब