Dhaka: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार को बम धमाकों और बसों में आगजनी की कई घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में कच्चे बम (कॉकटेल बम) फेंके गए और दो यात्री बसों को आग लगा दी गई। एक बस के अंदर सो रहे 60 वर्षीय ड्राइवर की दम घुटने से मौत हो गई। यूनिवर्सिटी और अदालत परिसर के आसपास भी धमाकों की खबरें आईं। पुलिस ने कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
उपद्रवियों ने फार्मगेट और मीरपुर में बसों में आग लगा दी। शाम 6:40 बजे फार्मगेट मेट्रो स्टेशन के नीचे लब्बैक परिवहन की बस को निशाना बनाया गया। रात 9:30 बजे मीरपुर पोस्ट ऑफिस नंबर 11 के पास बसुमती परिवहन की बस में आग लगा दी गई।
इसके अलावा एक अन्य बस में सो रहे 60 वर्षीय ड्राइवर मोहम्मद कलाचन शेख की मौत हो गई। वह गोपालगंज जिले के मुक्सुदपुर उपजिला के निवासी थे। पुलिस के मुताबिक, आग लगने के बाद बस में धुआं भर गया और दम घुटने से उनकी जान चली गई। फरीदपुर कोतवाली के प्रभारी महमूदुल हसन ने बताया कि ड्राइवर सो रहे थे, तभी उपद्रवियों ने बस में आग लगा दी। फायर स्टेशन अधिकारी श्रीबास बरई के अनुसार, दमकल विभाग को रात करीब 1:45 बजे सूचना मिली और मौके पर पहुंचने तक बस आग की लपटों में घिरी थी।
शिल्पांचल थाना क्षेत्र में साउथईस्ट यूनिवर्सिटी के बाहर दो कच्चे बम फटे। जगन्नाथ यूनिवर्सिटी के दूसरे गेट के पास पार्किंग में भी धमाका हुआ। छात्रों ने रेजवान अहमद नाम के व्यक्ति को पकड़ लिया, जिसने प्रतिबंधित छात्र लीग से जुड़ा होने का दावा किया था। ढाका की CMM कोर्ट में धमाकों के बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
बांग्लादेश कॉलेज, मालीबाग, मोगबाजार, आदाबोर के टोक्यो स्क्वायर, जात्राबाड़ी और गेंडारिया के दयागंज ब्रिज के नीचे भी धमाकों की खबरें मिलीं। बांग्लादेश कॉलेज के पास दुकानों में आग लगाए जाने की सूचना है। ढाका यूनिवर्सिटी के TSC इलाके से कच्चे बमों से भरा बैग बरामद हुआ।
वहीं, मोगबाजार फ्लाईओवर पर चेकिंग के दौरान हातिरझील पुलिस ने चार लोगों को कच्चे बमों के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस घटनाओं के पीछे शामिल लोगों और उनके मकसद की जांच कर रही है। राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
ये भी पढ़े: ईरान की धमकी से अलर्ट अमेरिका, ब्रिटेन के दूसरे एयरबेस से भी हटाए सैन्य विमान
US Military Aircraft Withdrawn from UK: ईरान से हमले के संभावित खतरे को देखते हुए…
Delhi Yamuna River Safari: दिल्लीवासियों को मंगलवार को दो बड़ी सौगात मिलने जा रही हैं।…
Israel Unity Government: इजरायल में चुनाव नतीजों के बाद नई सरकार के गठन को लेकर…
Muzaffarnagar Car Accident: हरियाणा के हिसार से दोस्तों के साथ हरिद्वार में गंगा स्नान करने…
Jensen Huang China Espionage Allegations: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी NVIDIA के CEO जेनसेन हुआंग…
Hazaribagh Danua Valley Road Accident: झारखंड के हजारीबाग में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे…