Ghaziabad: गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार रवि राज की मौत हो गई। हादसा एनएच-9 पर मीडिया हाउस के पास हुआ। धारदार डोर गर्दन में फंसने से गहरा घाव हो गया और अधिक खून बहने के कारण हालत गंभीर हो गई।
बाइक चलाते समय गर्दन में फंसा मांझा
रवि राज नोएडा के अकबरपुर बहरामपुर का रहने वाला था। हादसे के समय वह अपने साथी नरेश के साथ बाइक से एनएच-9 से गुजर रहा था। इसी दौरान हवा में लटक रहा मांझा अचानक उसकी गर्दन में उलझ गया। डोर ने गर्दन को बुरी तरह काट दिया, जिससे वह बाइक से गिरकर सड़क पर जा गिरा। घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल रवि को वैशाली के अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर से परिवार में मातम छा गया।
वीडियो में दिखा हादसे का खौफनाक मंजर
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें रवि लहूलुहान हालत में दिखाई दे रहा है। उसका साथी नरेश कपड़े से गर्दन के घाव को दबाकर खून रोकने की कोशिश करता नजर आया।
प्रतिबंध के बावजूद बाजार में कैसे पहुंच रहा मांझा?
हादसे ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक रोक के बावजूद यह बाजार में आसानी से उपलब्ध है। इसकी धार दोपहिया चालकों, राहगीरों और पक्षियों के लिए बेहद खतरनाक है और त्योहारों व राष्ट्रीय पर्वों पर पतंगबाजी बढ़ने के साथ जोखिम भी बढ़ जाता है। लोगों ने पुलिस-प्रशासन से बिक्री करने वालों पर कार्रवाई और सप्लाई चेन पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि सिर्फ इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई के बजाय इसके कारोबार से जुड़े लोगों पर भी शिकंजा कसना जरूरी है। गाजियाबाद की घटना ने प्रतिबंध के प्रभावी पालन और प्रशासनिक निगरानी पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़े: 'देशद्रोही-आतंकवादी कहा, 6 घंटे रखा बंद’, राहुल गांधी के सामने छात्रों ने सुनाई आपबीती

