Onion Buffer Stock: त्योहारी सीजन में जहां चीनी की कीमतों ने मिठास कम की, वहीं महंगे प्याज ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। देशभर में प्याज के दाम बढ़ने के बाद सरकार ने कांदा एक्सप्रेस के जरिए बड़े शहरों में बफर स्टॉक जारी किया। उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे के मुताबिक, 10 दिनों में 17 शहरों में करीब 4,000 टन बफर प्याज बेचा जा चुका है।
₹35 किलो में मिल रहा प्याज
NCCF और NAFED के जरिए प्याज को उत्पादक राज्यों से खपत वाले शहरों तक स्पेशल ट्रेन और ट्रकों से पहुंचाया जा रहा है। चुनिंदा प्राइस-सेंसिटिव शहरों में इसे ₹35 प्रति किलो की रियायती दर पर बेचा जा रहा है। केंद्र ने 2026 के लिए इन एजेंसियों के जरिए 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक रखा है।
निधि खरे ने बताया कि कांदा एक्सप्रेस से दिल्ली और चेन्नई में बड़ी खेप पहुंच चुकी है, जबकि गुवाहाटी के लिए तीसरी खेप लोड की जा रही है। सरकार के अनुसार, इससे उपभोक्ताओं को राहत मिली और कीमतों में कुछ गिरावट आई।
NCCF ने बेचा 1,500 टन प्याज
NCCF की MD एनीस जोसेफ चंद्र के मुताबिक, संगठन ने अब तक विभिन्न शहरों में 35 रुपये किलो की दर से 1,500 टन प्याज बेचा है। कुछ राज्यों के साथ स्टोर, मोबाइल वैन, सहकारी समितियों और स्थानीय प्रशासन के जरिए बिक्री के लिए समझौते भी किए गए हैं।
औसत कीमत में मामूली गिरावट
आंकड़ों के अनुसार, बफर स्टॉक जारी होने से पहले अखिल भारतीय खुदरा कीमत ₹50.79 किलो थी, जो 28 अगस्त को घटकर ₹48.5 किलो रह गई। हालांकि, कई राज्यों में अब भी प्याज के दाम 60 रुपये प्रति किलो से ऊपर हैं।
ये भी पढ़े: पालघर के अस्पताल में हंगामा, शिवसेना कार्यकर्ताओं पर डॉक्टर-कर्मचारियों से मारपीट का आरोप; 17 पर FIR

