Wednesday, Aug 26

होम = Cover Story Big = राष्ट्रीय खेल दिवस पर हापुड़ के दो खिलाड़ियों से संवाद करेंगे PM मोदी

राष्ट्रीय खेल दिवस पर हापुड़ के दो खिलाड़ियों से संवाद करेंगे PM मोदी

Hapur: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अगस्त को देशभर के खिलाड़ियों और युवाओं से संवाद करेंगे। हापुड़ जिले में इसके लिए मोनाड विश्वविद्यालय को चयनित किया गया है। यहां पीएम मोदी जिले के दो खिलाड़ियों हिमानी संद्ध और मयंक कुमार से सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।

उप क्रीड़ा अधिकारी अरुणा सिंह और जिला युवा अधिकारी एकता मिश्रा के मुताबिक, प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन देश के चयनित 150 जिलों के शिक्षण संस्थानों में सुबह 8 बजे से शुरू होगा। मोनाड विश्वविद्यालय में आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अधिक से अधिक युवाओं व खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश है।

खेल और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

पीएम मोदी के संवाद के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित होगा, जिसमें खेल जगत से जुड़े लोगों के साथ चर्चा की जाएगी। इसमें युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित करने, खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को मिलने वाले अवसरों जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।

कार्यक्रम में पिछले 10 वर्षों में खेल सुविधाओं के विकास, खिलाड़ियों को उपलब्ध सुविधाओं, खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों और आगामी ओलंपिक व राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों पर भी चर्चा होगी।

युवाओं के सुझाव होंगे दर्ज

युवा संवाद में प्रतिभागी अपने विचार और सुझाव रख सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार सुझावों को निर्धारित रजिस्टर में दर्ज कर आगे भेजा जाएगा। उपयोगी और प्रभावी सुझाव मिलने पर उसे संबंधित युवा/खिलाड़ी के नाम से प्रकाशित करने की भी व्यवस्था होगी।

कार्यक्रम को लेकर जिले के खिलाड़ियों और युवाओं में उत्साह है। अधिकारियों ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खेलों और खिलाड़ियों के भविष्य से जुड़े सुझाव साझा करने की अपील की है।

ये भी पढ़े: फिल्ममेकर कुकू कोहली का निधन, 77 की उम्र में हार्ट अटैक से मौत