India vs Netherlands: मेजबान और मौजूदा ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड ने पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 के रोमांचक मुकाबले में भारत को 3-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ नीदरलैंड ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि भारत की अंतिम-4 में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। अब भारत का अगला और आखिरी मुकाबला अर्जेंटीना के खिलाफ होगा, जिसमें टीम की नजरें जीत के साथ टूर्नामेंट में बने रहने पर होंगी।
भारत को 7 पेनल्टी कॉर्नर मिले
पहले हाफ में दोनों टीमों की रक्षापंक्ति ने शानदार खेल दिखाया और 30 मिनट तक कोई गोल नहीं हुआ। दूसरे हाफ में 41वें मिनट में ड्यूको टेलगेनकैंप ने नीदरलैंड को बढ़त दिलाई, जबकि 51वें मिनट में जिप होडेमेकर्स ने स्कोर 2-0 कर दिया। भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 52वें मिनट में गोल कर वापसी की उम्मीद जगाई, लेकिन 55वें मिनट में थिज्स वैन डैम ने गोल कर नीदरलैंड की जीत 3-1 से पक्की कर दी। भारत को 7 पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम सिर्फ एक को गोल में बदल सकी।
सेमीफाइनल की राह अब चमत्कार पर निर्भर
नीदरलैंड के खिलाफ हार के बाद भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की राह बेहद मुश्किल हो गई है। अब टीम को अपने आखिरी पूल मुकाबले में अर्जेंटीना के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। साथ ही भारत को उम्मीद करनी होगी कि इंग्लैंड अपने बचे हुए दोनों मुकाबले अर्जेंटीना और नीदरलैंड से हार जाए। अगर इंग्लैंड अर्जेंटीना को हरा देता है, तो वह सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा और भारत की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो जाएंगी।

