Thursday, Oct 22

होम = Cover Story Global = दाऊद इब्राहिम पर UN के बयान से भड़का भारत, कहा- पाकिस्तान में छिपा है गैंगस्टर

दाऊद इब्राहिम पर UN के बयान से भड़का भारत, कहा- पाकिस्तान में छिपा है गैंगस्टर

Dawood Ibrahim UN Report: संयुक्त राष्ट्र के एक विशेष प्रतिवेदक की टिप्पणी पर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई है। प्रतिवेदक ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के गिरोह डी-कंपनी को भारत-आधारित आपराधिक समूह बताया था। इस पर भारत ने पलटवार करते हुए कहा कि दाऊद पाकिस्तान में छिपा हुआ है। भारत ने इस संदर्भ में पाकिस्तान में ओसामा बिन लादेन के मिलने और अमेरिकी कार्रवाई में मारे जाने का भी जिक्र किया।

UN की रिपोर्ट पर भारत ने उठाए सवाल

भारत ने आतंकवाद-रोधी रिपोर्ट में पक्षपात का आरोप लगाते हुए संयुक्त राष्ट्र के विशेष प्रतिवेदकों की आलोचना की है। भारत ने उनसे निष्पक्षता के उच्च मानकों का पालन करने की अपील की। दरअसल, संयुक्त राष्ट्र के प्रतिवेदक बेन सॉल ने अपनी रिपोर्ट में दाऊद इब्राहिम को भारत-आधारित आपराधिक गिरोह डी-कंपनी का सरगना बताया है और उसके आतंकवादी संबंधों का जिक्र किया है।

भारत से भागने के बाद अल-कायदा से जुड़े होने पर सूची में आया नाम

भारतीय राजनयिक रघु पुरी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में रिपोर्ट की सटीकता पर सवाल उठाते हुए विशेष प्रतिवेदक की कार्यप्रणाली पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि तथ्यात्मक रूप से गलत रिपोर्ट जारी किए जाने के बावजूद संबंधित प्रतिवेदकों की जवाबदेही तय नहीं होती। उन्होंने ने कहा कि दाऊद इब्राहिम 2003 में सूचीबद्ध किए जाने से काफी पहले भारत छोड़ चुका था। उनके मुताबिक, विदेश में रहते हुए अल-कायदा और ओसामा बिन लादेन से संबंधों के कारण उसका नाम सूची में शामिल किया गया था। पुरी ने कहा कि दाऊद भारत का वांछित अपराधी है और संयुक्त राष्ट्र की सूची के अनुसार, वह पाकिस्तान में छिपा है। उन्होंने ओसामा बिन लादेन का उदाहरण देते हुए कहा कि वह भी पाकिस्तान के एबटाबाद में मिला था, जहां 2011 में अमेरिकी नेवी सील्स की कार्रवाई में उसे मार गिराया गया था।

ये भी पढ़ें: UN से अलग नई वैश्विक ताकत? ट्रंप ने लॉन्च किया ‘बोर्ड ऑफ पीस’, दुनिया में मची हलचल