Joshimath Helicopter Crash: उत्तराखंड के चमोली जिले में एक हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि बदरीनाथ धाम से उड़ान भरने के बाद जोशीमठ के पास हाथी पहाड़ के पीछे चायी गांव के इलाके में हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद से ही उसकी तलाश के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि, अभी तक हेलिकॉप्टर का मलबा नहीं मिल पाया है। लगातार बारिश और घने बादलों के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी मुश्किलें आ रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह हेलिकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का था। उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA) के अनुसार, हेलिकॉप्टर VT-HCX ने दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ से उड़ान भरी थी। इसे देहरादून के सहस्त्रधारा जाना था। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक हेलिकॉप्टर से संपर्क टूट गया। इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम पर भी उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई। काफी देर तक संपर्क स्थापित नहीं होने पर उसकी तलाश शुरू की गई। हादसे की आशंका को देखते हुए सेना, जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें सर्च ऑपरेशन में जुट गई हैं।
UCADA की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, हेलिकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु सहित कुल छह लोग सवार थे। पैसेंजर मैनिफेस्ट में पांच यात्रियों के नाम दर्ज हैं। इनमें प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज शामिल हैं। फिलहाल हेलिकॉप्टर में सवार लोगों की स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन की प्राथमिकता हेलिकॉप्टर की लोकेशन का पता लगाना और उसमें सवार लोगों तक जल्द से जल्द पहुंचना है।
हादसे की सूचना वाले इलाके में लगातार बारिश हो रही है। साथ ही आसमान में घने बादल छाए रहने से दृश्यता काफी कम हो गई है। इस वजह से बचाव दलों को हेलिकॉप्टर की सही लोकेशन तलाशने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हेलिकॉप्टर की तलाश के लिए दो अन्य हेलिकॉप्टर भी लगाए गए हैं, लेकिन खराब मौसम के चलते अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है। टीमें बदरीनाथ और जोशीमठ के बीच के पहाड़ी क्षेत्र में खोज अभियान चला रही हैं। फिलहाल मलबे की तलाश जारी है।
जोशीमठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना मिली है और इसकी पुष्टि कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आसपास कुछ संदिग्ध चीजें दिखाई दी हैं, जिनसे हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर आर्मी, एसडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात की जा रही हैं। एसडीएम ने बताया कि वह खुद भी घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं। उनका कहना है कि मौके से विस्तृत जानकारी मिलने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी जोशीमठ के पास चायी गांव में हेलिकॉप्टर दुर्घटना की सूचना पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि कोई व्यक्ति गंभीर रूप से घायल मिलता है तो उसे तत्काल एयरलिफ्ट करके बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाया जाए। साथ ही उन्होंने हेलिकॉप्टर में सवार सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की कामना की है।
UCADA की जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर का संपर्क टूटने के बाद बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें इस अभियान में शामिल हैं। वहीं, एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के पूरे हेलिकॉप्टर बेड़े को ग्राउंड कर दिया गया है। फिलहाल जांच और सर्च ऑपरेशन के जरिए हादसे से जुड़ी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
उत्तराखंड में अक्टूबर महीने के दौरान चारधाम यात्रा के समय भी हेलिकॉप्टरों की दो इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाएं सामने आई थीं। इनमें पहली घटना रुद्रप्रयाग में खराब मौसम के कारण हुई थी, जबकि दूसरी घटना टिहरी में तकनीकी खराबी की वजह से हुई थी। दोनों मामलों में हेलिकॉप्टरों को आपात स्थिति में उतारना पड़ा था। अब जोशीमठ के पास हेलिकॉप्टर से संपर्क टूटने की घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में हवाई सेवाओं के संचालन के दौरान आने वाली चुनौतियों को चर्चा में ला दिया है।
ये भी पढ़ें: अमेरिका में मिड टर्म चुनाव की उलटी गिनती शुरू, 4.3 करोड़ लोगों ने पहले ही डाला वोट
Jensen Huang China Espionage Allegations: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी NVIDIA के CEO जेनसेन हुआंग…
Hazaribagh Danua Valley Road Accident: झारखंड के हजारीबाग में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे…
Ramayana Movie Box Office Collection: नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' ने…
Pakistani TV Anchor Rabia Ahsan Murder: पाकिस्तान की मशहूर टेलीविजन एंकर और कार्यक्रम होस्ट राबिया…
Sheikh Hasina Bangladesh Return: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना दिसंबर में अपने देश लौटने…
Delhi Pollution, Punjab Stubble Burning: दिल्ली में प्रदूषण को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और…