Thursday, Sep 03

होम = State = महाराष्ट्र = महाराष्ट्र में ऑटो-टैक्सी चालकों पर सख्ती, मराठी नहीं सीखी तो लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी

महाराष्ट्र में ऑटो-टैक्सी चालकों पर सख्ती, मराठी नहीं सीखी तो लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी

Maharashtra Marathi Language Rule: महाराष्ट्र सरकार ने ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा सीखने को लेकर सख्त रुख अपनाया है। राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा है कि जो चालक मराठी सीखने से इनकार करेंगे, उनके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बावजूद भाषा नहीं सीखने पर लाइसेंस निलंबित करने से लेकर रद्द करने तक की कार्रवाई हो सकती है।

105 दिनों से चल रहा मराठी सिखाने का अभियान

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के मुताबिक, महाराष्ट्र में ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों को मराठी सिखाने का अभियान पिछले 105 दिनों से चल रहा है। इस दौरान करीब 1.65 लाख चालक मराठी सीख चुके हैं और उन्हें इसका प्रमाणपत्र भी दिया गया है। मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों को भी रोजगार मिलना चाहिए और मुंबई सभी को साथ लेकर चलने की क्षमता रखता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र की अपनी भाषा मराठी है और इसके प्रचार-प्रसार को बढ़ावा दिया जाना जरूरी है।

मराठी सीखने से इनकार किया तो होगी कार्रवाई

सरनाईक ने कहा कि कुछ ऑटो और टैक्सी चालकों ने वीडियो बनाकर मराठी सीखने से इनकार किया है। ऐसे रवैये को उन्होंने स्वीकार नहीं करने की बात कही। उन्होंने बताया कि ऐसे चालकों को पहले एक महीने का नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद भी मराठी नहीं सीखने पर उनका लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित किया जा सकता है। अगर इसके बावजूद चालक भाषा सीखने से इनकार करता है तो उसका लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।

ड्राइविंग बैज के लिए भी होगी भाषा की जांच

परिवहन मंत्री ने यह भी बताया कि अब ड्राइविंग लाइसेंस मिलने के बाद चालकों को जारी किए जाने वाले बैज के लिए मराठी बोलने की क्षमता की जांच की जाएगी। चालक से पूछा जाएगा कि उसे मराठी बोलनी आती है या नहीं और भाषा संबंधी जांच के बाद ही बैज जारी किया जाएगा। सरकार के इस फैसले का उद्देश्य ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों को स्थानीय भाषा से जोड़ना और यात्रियों के साथ संवाद को आसान बनाना बताया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/pawan-singh-first-wife-neelam-singh-emotional/

Tags :