Meerut: मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में सांप के काटने से हुई अतुल पंवार की मौत को पुलिस ने कथित तौर पर सुनियोजित हत्या बताया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी दामिनी, उसके कथित प्रेमी तुषार उर्फ निक्की और दो अन्य आरोपियों सोनू व उदय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या की वजह प्रेम संबंध और 20 लाख रुपये का बीमा था।
पुलिस का दावा है कि गुरुवार रात दामिनी ने अतुल को दूध में सामान्य से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर पिलाईं। गहरी नींद में जाने के बाद तुषार अपने साथियों के साथ जहरीला सांप लेकर पहुंचा और उसे बिस्तर व चादर के अंदर छोड़ दिया। आरोप है कि सांप के डंसने से अतुल की मौत हो गई और इसे हादसा दिखाने की कोशिश की गई।
शुक्रवार सुबह दामिनी पति को सीएचसी हस्तिनापुर ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर बिस्तर में सांप भी मिला, लेकिन उसका व्यवहार और घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक जांच शुरू की।
जांच में दामिनी और स्कूल ड्राइवर तुषार के बीच लगातार संपर्क के डिजिटल साक्ष्य मिले। पूछताछ में तुषार के कथित कबूलनामे के बाद उसके मोबाइल से डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर बरामद हुई। पुलिस के अनुसार तुषार ने दो सपेरों से यह जहरीला सांप खरीदा था।
पुलिस के मुताबिक अतुल के नाम 20 लाख रुपये का बीमा था। योजना थी कि मौत के बाद बीमा राशि मिलेगी, जिसमें से 5 लाख रुपये सोनू और उदय को देने का वादा किया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि करीब 20 दिन पहले तुषार ने कार से अतुल को टक्कर मारकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन हेलमेट पहनने से वह बच गया। शिकायत दर्ज कराने की बात पर दामिनी ने कथित तौर पर मामला शांत करा दिया।
अतुल और दामिनी ने 2019 में प्रेम विवाह किया था और दोनों मिलकर कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल चलाते थे। पुलिस के अनुसार स्कूल में ड्राइवर रहे तुषार से दामिनी की नजदीकियां बढ़ीं और यही रिश्ता कथित हत्या की साजिश तक पहुंच गया।
एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि तकनीकी सर्विलांस, कॉल डिटेल, मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर पूरा मामला सामने आया। बरामद सांप, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एफएसएल भेजे गए हैं। पुलिस अब हत्या, आपराधिक साजिश समेत संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़े: सोनम वांगचुक के समर्थन में वॉशिंगटन में प्रदर्शन, अमेरिकी संगठनों ने भारत सरकार से की संवाद की अपील
IIT Bombay Student Death: IIT बॉम्बे के 20 वर्षीय BTech छात्र के माता-पिता ने मुंबई…
Rahul Gandhi Vote Chori Allegation: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को मुख्य…
AI E-Waste: दुनिया में AI का इस्तेमाल बढ़ने के साथ डेटा सेंटर और कंप्यूटिंग मशीनों…
Meerut: मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट के ध्वस्तीकरण से प्रभावित करीब 650 व्यापारियों को…
ECINet Voter Deletion Rollback: चुनाव आयोग ने India Today को बताया कि ECINet सिस्टम में…
CJP Gyanesh Kumar Resignation Demand: नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर Cockroach Janta Party (CJP)…