Megan Schutt Two Match Ban: ऑस्ट्रेलिया की स्टार तेज गेंदबाज मेगन शट्ट को डॉक्टर की सलाह पर ली गई दवा से जुड़े नियमों के उल्लंघन के कारण दो मैचों के लिए निलंबित कर दिया गया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने यह कार्रवाई की है। हालांकि, संबंधित दवा प्रदर्शन बढ़ाने वाली नहीं थी। शट्ट ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सजा मान ली है। इसके चलते वह न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी-20 और बिग बैश लीग में एडिलेड स्ट्राइकर्स का मुकाबला नहीं खेल पाएंगी।
विश्राम अवधि के दौरान हुआ नियमों का उल्लंघन
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम की विश्राम अवधि के दौरान यह मामला सामने आया। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को बयान जारी कर मेगन शट्ट के निलंबन की जानकारी दी। बोर्ड के मुताबिक, शट्ट ने डॉक्टर की पर्ची पर मिलने वाली दवाओं के इस्तेमाल से जुड़े खेल विज्ञान और खेल चिकित्सा दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया। यह प्रतियोगिता से बाहर रहने के दौरान हुई एक बार की घटना थी और इसका उद्देश्य प्रदर्शन में सुधार करना नहीं था।
शट्ट ने सजा स्वीकार कर मांगी माफी
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि वह मेगन शट्ट को उचित सहयोग देता रहेगा और उनसे खेल के निर्धारित मानकों व जिम्मेदारियों का पालन करने की अपेक्षा करता है। वहीं, शट्ट ने अपनी सजा स्वीकार करते हुए नियमों पर खरा नहीं उतरने के लिए माफी मांगी। उन्होंने मामले में मिले सहयोग के लिए भी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का आभार जताया।
दिशानिर्देशों का पालन करना अपनी जिम्मेदारी माना
मेगन शट्ट ने कहा कि यह घटना बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से बाहर रहने के दौरान हुई थी और इसका प्रदर्शन बेहतर करने से कोई संबंध नहीं था। हालांकि, उन्होंने माना कि खेल विज्ञान और खेल चिकित्सा से जुड़े दिशानिर्देशों का पालन करना उनकी जिम्मेदारी थी। शट्ट के मुताबिक, खिलाड़ियों को इन नियमों की नियमित जानकारी दी जाती है, इसलिए उन्हें भी इनका पालन करना चाहिए था।
ये भी पढ़ें: बुमराह के बाद अर्शदीप सिंह ने किया बड़ा कारनामा, 100 टी-20I खेलने वाले दूसरे भारतीय पेसर बने

