होम = News Top = ‘तुम SC हो, मंदिर मत आना’, महादेव के दर्शन से रोकी गई दलित युवतियां; मचा बवाल

‘तुम SC हो, मंदिर मत आना’, महादेव के दर्शन से रोकी गई दलित युवतियां; मचा बवाल

Mehsana: गुजरात के मेहसाणा जिले के आंबलीयासण गांव स्थित महादेव मंदिर में 13 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे दर्शन को लेकर विवाद हो गया। लांघणज थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में दलित समाज की दो युवतियों और दूसरे पक्ष के बीच कहासुनी के बाद दोनों ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। एक शिकायत में आरोप है कि दलित समुदाय से होने की जानकारी के बावजूद दोनों युवतियों को मंदिर में पूजा करने से रोका गया। आरोप के मुताबिक, उन्हें जातिसूचक गालियां दी गईं और कहा गया कि उनके प्रवेश से मंदिर अपवित्र हो जाएगा।

नाबालिग से गलत व्यवहार का भी आरोप

शिकायतकर्ता युवती ने उपाध्याय पिंकीबेन, उनकी बेटी बबुबेन और कौशलभाई पर युवती और उसकी नाबालिग बहन से हाथापाई का आरोप लगाया है। शिकायत में नाबालिग को गलत तरीके से छूने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। नाबालिग की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। मामले में POCSO एक्ट की धारा 12 भी लगाई गई है। पुलिस ने BNS की धारा 115(2), 352, 351(3), 75(3) और 54 के साथ SC/ST (Atrocities) Act की धाराओं 3(1)(r), 3(1)(s), 3(2)(5A) और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

दूसरे पक्ष की क्रॉस शिकायत

दूसरी ओर मोनिकाबेन गुरु ने क्रॉस शिकायत में आरोपों को अलग तरीके से बताया। उनके मुताबिक, वह मंदिर के गर्भगृह में सफाई कर रही थीं और फर्श पर गीला पोछा लगा था। इसी वजह से उन्होंने युवतियों से कुछ देर बाहर खड़े रहने को कहा था। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर युवतियों ने उन्हें धक्का दिया और नाखून मारकर घायल कर दिया। यानी एक पक्ष इसे मंदिर में प्रवेश रोकने और जातिसूचक व्यवहार से जुड़ा मामला बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष सफाई के दौरान हुए विवाद और मारपीट की बात कह रहा है।

पुलिस कर रही दोनों शिकायतों की जांच

लांघणज पुलिस दोनों क्रॉस शिकायतों की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एट्रोसिटी एक्ट और POCSO जैसी गंभीर धाराएं लगाए जाने के कारण जांच महत्वपूर्ण हो गई है। फिलहाल दोनों पक्षों के दावों में अंतर है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मंदिर परिसर में उस शाम विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और दोनों पक्षों के आरोपों में कितनी सच्चाई है।

ये भी पढ़े: नाइट ड्यूटी पर निकला पति, मोमोज ठेले पर बॉयफ्रेंड संग मिली पत्नी; फिर मचा बवाल, वीडियो वायरल