Mumbai Ganpati News : मुंबई के भूलेश्वर इलाके में गणपति प्रतिमा के आगमन के दौरान शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। करीब 22 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा अचानक असंतुलित होकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 9:51 बजे भूलेश्वर के बलराम मर्चेंट रोड स्थित कबूतरखाना, जय अंबे चौक के पास हुआ। गणपति की प्रतिमा को भायखला से भूलेश्वर ले जाया जा रहा था। पंडाल से करीब 50 से 60 मीटर पहले अचानक प्रतिमा का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई।
प्रतिमा गिरते ही मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और प्रभावित लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की।
हादसे में कुल 7 लोगों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। इनमें 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) के रूप में हुई है।
वहीं घायलों में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) शामिल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस और बीएमसी वार्ड स्टाफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
महाराष्ट्र में इस साल गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। मुंबई में गणेशोत्सव को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। शहर में 10 हजार से अधिक गणेश मंडल मौजूद हैं, हालांकि करीब 2,500 मंडलों ने 10 दिवसीय उत्सव के लिए अनुमति ली है।
पूरे महाराष्ट्र में इस बार करीब 28 लाख गणेश प्रतिमाओं की स्थापना का अनुमान है। मुंबई में गणेश मंडलों को अनुमति देने के लिए ऑनलाइन सिंगल-विंडो व्यवस्था लागू की गई है। इसके जरिए बीएमसी के साथ पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की एनओसी भी ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती है। अनुमति के लिए आवेदन 13 सितंबर तक किए जा सकते हैं।
Vande Bharat Chair Car: वंदे भारत ट्रेन के नए चेयर कार रेक ने हाई-स्पीड ट्रायल…
jamshedpur Marine Drive Accident: झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के रफ्तार का कहर देखने को…
IPL 2027 Auction: आईपीएल 2027 की नीलामी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। भारतीय…
India Pakistan Conflict: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत और पाकिस्तान के बीच विवाद…
Asian Games 2026 India Rowing: भारत के लिए एशियन गेम्स 2026 में छठे दिन मेडल…
Jodhpur Chemical Factory Fire: जोधपुर में बुधवार शाम एक केमिकल फैक्ट्री में लगी आग बुझाना…