Mumbai Landslide: मुंबई के कुर्ला में भारी बारिश के बीच बुधवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। चिराग नगर के गौसिया चॉल इलाके में भूस्खलन के बाद मलबे में 4-5 लोगों के दबे होने की आशंका है। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
4-5 लोगों के फंसे होने की आशंका
DCP गणेश शिंदे ने बताया कि भारी बारिश के कारण घाटकोपर पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अशोकनगर इलाके में भूस्खलन हुआ है। अब तक मलबे से दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 4-5 लोगों के फंसे होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि घटना सुबह करीब 3 बजे हुई। रेस्क्यू ऑपरेशन में BMC, NDRF समेत अन्य एजेंसियों के अधिकारी और पुलिसकर्मी जुटे हुए हैं।
मुंबई में बारिश का अलर्ट जारी
NDRF और प्रशासन पहले ही संवेदनशील इलाकों का दौरा कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। IMD ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मुंबई के उपनगरों में मंगलवार सुबह बारिश 2,000 मिमी के आंकड़े को पार कर गई।
