होम = Cover Story Global = स्वतंत्रता दिवस से पहले मुजफ्फरपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 342 गिरफ्तार; 190 भेजे गए जेल

स्वतंत्रता दिवस से पहले मुजफ्फरपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 342 गिरफ्तार; 190 भेजे गए जेल

Muzaffarpur: स्वतंत्रता दिवस से पहले अपराध पर लगाम और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 342 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 190 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने पुलिस लाइन में अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि फरार आरोपितों, वांछित अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चिन्हित ठिकानों पर दबिश दी गई।

पूर्वी-1 अनुमंडल सबसे आगे

अनुमंडलवार कार्रवाई में पूर्वी-1 सबसे आगे रहा। यहां 72 गिरफ्तारियां हुईं, जिनमें 43 आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। टाउन-1 और टाउन-2 अनुमंडल को मिलाकर 40 अभियुक्त पकड़े गए। अभियान के दौरान अहियापुर समेत कुछ अन्य थाना क्षेत्रों से सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस ने बरामदगी का विस्तृत ब्योरा अभी जारी नहीं किया है और बताया कि इसकी जानकारी अलग प्रेस विज्ञप्ति में दी जाएगी।

ब्रह्मपुरा और सकरा थाने का औचक निरीक्षण

वरीय पुलिस अधीक्षक ने ब्रह्मपुरा और सकरा थानों का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों और जवानों से अपराध नियंत्रण की जानकारी ली और कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए। पकड़े गए आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगा रही है कि उनके खिलाफ पहले कितने मामले दर्ज हैं और वे किन गतिविधियों में शामिल रहे हैं।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

सिटी एसपी ने कहा कि फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आने वाले दिनों में चेकिंग और विशेष अभियान तेज किए जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस से पहले की गई इस कार्रवाई को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

ये भी पढ़े: 10 लाख बच्चों को ₹1,200 की मदद, 3 लाख प्राइवेट टीचरों को कैशलेस इलाज; योगी सरकार का बड़ा फैसला